गुजरात पेपर लीक मामला में दो भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल, पुलिस ने किया गिरफ़्तार
एक आरोपी वड़ोदरा नगरपालिका कार्यकर्ता यशपाल सोलंकी पुलिस की गिरफ़्त से बाहर
गुजरात में पुलिस कांस्टेबल के पद के लिए होने वाली लोकरक्षक भर्ती दल की परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने 3 दिसंबर को चार आरोपियों को गिरफ़्तार कर किया है. द इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के अनुसार गिरफ़्तार आरोपियों में 2 भाजपा कार्यकर्ता, मुकेश मुलजीभाई चौधरी और मनहर रंछोड़भाई पटेल भी शामिल हैं.
एक आरोपी वड़ोदरा नगरपालिका कार्यकर्ता यशपाल सोलंकी को अब तक गिरफ़्तार नहीं किया गया है. पुलिस अधिकारी मयूर चावड़ा ने पीटीआई को बताया कि उनकी योजना के अनुसार मनहर पटेल, चौधरी और शर्मा के साथ 8-10 अन्य लोग रविवार सुबह पेपर होने से पहले लीक सवालों की चर्चा करने के लिए शर्मा के होस्टल में इकट्ठे हुए थे. पुलिस के अनुसार मनहर पटेल ने पूछताछ के दौरान कहा कि यशपाल सोलंकी ने उन्हें पेपर उपलब्ध करवाये थे. यशपाल सोलंकी को पेपर के बदले प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपये देने का वादा किया था.
चावड़ा ने पीटीआई को बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि प्रश्नपत्र लीक करने के लिए किसी को भी कोई पैसा नहीं दिया गया था. लेकिन सोलंकी की गिरफ्तारी के बाद चीजें स्पष्ट हो जाएंगी.
वहीं इस पूरे मामले में कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि भाजपा सरकार गुजरात के युवाओं के भविष्य के साथ खेल रही है. यदि सरकार बिना भ्रष्टाचार के परीक्षा का आयोजन नहीं कर सकती है तो सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है. ज्ञात हो कि गुजरात में 9000 पदों के लिए 2440 सेंटरों पर परीक्षा का आयोजन किया गया था. परीक्षा के लिए 8.75 लाख छात्रों ने आवेदन दिया था. पेपर लीक होने की जानकारी मिलने के बाद डीजीपी शिवानंद झा द्वारा परीक्षा को रद्द करवा दिया गया था. पेपर लीक होने की जानकरी पेपर शुरू से चंद मिनट पहले ही मिली थी. फिलहाल छात्रों के लिए परीक्षा का आयोजन दोबारा किया जाएगा.