गुजरात: गोधरा में “जय श्री राम” का नारा लगाने से इनकार करने पर 3 मुस्लिम लड़कों की बेरहमी से पिटाई
छह हमलावरों ने पीड़ितों को धमकी देते हुए कहा कि अगर वे दोबारा इलाके में दिखाई दिए तो उन्हें मार दिया जाएगा.
मुसलमानों के ख़िलाफ़ बढ़ती नफरत और “जय श्री राम” का नारा न लगाने पर मारपीट करने का एक नया मामला सामने आया है. गुजरात के गोधरा में छह अज्ञात लोगों ने “जय श्री राम” का नारा लगाने से इनकार करने पर तीन मुस्लिम लड़कों की पिटाई कर दी.
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता सिद्दीकी भगत ने दावा किया है कि बीते गुरुवार की रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 अज्ञात लोगों ने घर लौट वक्त उनके 17 वर्षीय बेटे समीर और उसके 2 दोस्तों सलमान घितेली और सोहेल भगत पर हमला किया.
उन्होंने आरोप लगाया, “आरोपियों ने मेरे बेटे और उसके दोस्तों को ‘श्री राम’ का नारा लगाने को कहा. जब लड़कों ने नारा लगाने से मना किया तो उन्होंने उनकी पिटाई कर दी. एक हमलावर ने समीर के माथे पर साइकिल की चेन मारी जबकि एक दूसरे व्यक्ति ने सलमान के सिर पर नुकीली चीज से हमला किया.”
गोधरा टाउन पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक “हमलवारों ने जाने से पहले धमकी दी थी कि अगर वे इलाके में दोबारा दिखाई देंगे तो उन्हें मार दिया जाएगा.”
पुलिस निरीक्षक एच.सी राठवा ने कहा, “पीड़ित इस समय बोलने की स्थिति में नहीं हैं. इसलिए हमारे पास ज्यादा जानकारी नहीं है. हमने 6 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की है.”
उन्होंने बताया कि घायल समीर और उसके दोस्तों को कुछ स्थानीय लोग द्वारा सिविल अस्पताल पहुंचा गया था.