गुजरात : मुख्यमंत्री विजय रुपानी की सभा में किसान ने खाया कीटनाशक, अवैध कब्ज़े से था परेशान
सोमनाथ ज़िले के पांसली गांव के महर्षिभाई डोडिया ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को भी अवैध कब्ज़ा हटाने के लिए अर्जी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की सभा में एक किसान ने कीटनाशक खाकर ख़ुदकुशी करने की कोशिश की. उक्त किसान अपने ज़मीन पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्ज़े से क्षुब्ध था.
दरअसल, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के पांसली गांव में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. इसी सभा में मौजूद महर्षिभाई डोडिया ने कीटनाशक खाकर ख़ुदकुशी करने की करने की कोशिश की.
जनसत्ता के अनुसार ज़िले के एसपी राहुल त्रिपाठी का कहना है कि उक्त किसान अपने ज़मीन से अवैध कब्ज़ा नहीं हटाए जाने से दु:खी था. उन्होंने बताया कि महर्षिभाई डोडिया ने जिला प्रशासन से अवैध कब्ज़े को हटाने की मांग की थी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने आदेश भी दिया लेकिन स्थानीय अधिकारियों की अनदेखी की वजह से उनकी ज़मीन से अवैध कब्ज़ा नहीं हटाया गया. इसी बात से क्षुब्ध होकर डोडिया ने मुख्यमंत्री की सभा शुरू होते ही कीटनाशक खा लिया. एसपी ने बताया कि सभास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने डोडिया को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
जनसत्ता के अनुसार महर्षिभाई डोडिया ने कहा कि ज़मीन के प्रवेश बिंदु पर कब्ज़ा होने की वजह से उनका अपनी ज़मीन पर जाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने बताया कि कब्ज़े को हटाने के लिए मुख्यमंत्री के दफ्तर पर भी अर्ज़ी दी थी, लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हो सकी.