May a good source be with you.

गुजरात: जल आपूर्ति मंत्री और BJP नेता ने पानी की समस्या लेकर पहुंची महिलाओं से कहा- मुझे नहीं मिलता आपलोगों का वोट

कुंवरजी बावलिया ने कहा कि सवाल “अशिक्षित महिलाओं” ने किए थे और ये महिलाएं स्थानीय राजनीति से प्रेरित थी.

गुजरात के जल आपूर्ति मंत्री कुंवरजी बावलिया ने मूलभूत सुविधा की मांग करने पर शर्मनाक बयान दिया है. कुछ महिलाओं ने उनसे पीने के पानी की समस्या को लेकर शिकायत की तो मंत्रीजी ने लोगों से पूछा “क्या आपलोगों ने मुझे वोट दिया था?”

मंत्री जी का यह जवाब विडियो में कैद होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार वायरल विडियो पर सफाई देते हुए बावलिया ने कहा कि सवाल “अशिक्षित महिलाओं” ने किए थे और ये महिलाएं स्थानीय राजनीति से प्रेरित थी.

दरअसल, बावलिया कनसारा गांव में भाजपा के प्रचार के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान गांव के महिलाओं ने उनसे शिकायत की कि यहां आधे गांव को ही पीने का पानी मिल पाता है. महिलाओं की इस शिकायत पर मंत्री जी ने कहा, “पिछली बार केवल 55 प्रतिशत गांव वालों ने ही मुझे वोट दिया था. मेरे पास पूरा जल संसाधन मंत्रालय है, मैं सरकार में हूं. यदि जरूरत पड़ी तो मैं गांव में पानी की सप्लाई के करोड़ों रुपए मंजूर कर सकता हूं. जब इस बार मैं चुनाव लड़ा तो मुझे केवल 55 प्रतिशत ही वोट मिले. आप सब लोगों ने मुझे वोट नहीं दिया.”

मामला बिगड़ने के बाद बावलिया ने अपना बचाव करते हुए कहा कि पानी की शिकायत उनके मंत्रालय से जुड़ी नहीं है, बल्कि स्थानीय पंचायत यह मामला देखता है.

उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा था कि पंचायत का मुद्दा है, इसका मेरे मंत्रालय से कोई लेना देना नहीं है.” बता दें कि बावलिया पिछले साल कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हो गये थे. उन्होंने गुजरात की जसदण विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल की थी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+