पटना एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं में कुत्ते-बिल्ली की लड़ाई, रविशंकर प्रसाद-आरके सिन्हा के समर्थक भिड़े
पार्टी द्वारा पटना साहिब लोकसभा सीट के लिए रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाए जाने पर आरके सिन्हा के समर्थक काफ़ी नाराज़ हैं.
बीजेपी में टिकट बंटवारे के बाद नेता के अपने समर्थक आपस में लड़ने लगे हैं. पटना साहिब सीट से रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के समर्थकों ने खूब बवाल काटा है. मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर आरके सिन्हा के समर्थकों ने रविशंकर प्रसाद को काले झंडे दिखाए. इसके बाद दोनों नेताओं के समर्थक आपस में भीड़ गए.
बता दें कि भाजपा ने पटना साहिब हॉट सीट से चुनाव लड़ने के लिए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का नाम घोषित किया है. लेकिन आरके सिन्हा के समर्थकों का कहना है कि हमारे नेता सिन्हा जी ही इस सीट के प्रबल दावेदार रहे हैं.
एबीपी न्यूज़ के अनुसार विरोध करते बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि “रविशंकर प्रसाद हवाहवाई नेता है. इनके पास कोई कार्यकर्ता नहीं है. एक ग़लत आदमी को टिकट दे दिया गया है.”
कार्यकर्ताओं ने रविशंकर प्रसाद को काले झंडे दिखाए और वापस जाओ के नार लगाए. बता दें कि इससे पहले इस हॉट सीट पर बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा जीतते आए थे.