बिहार में कायम है गुंडाराज हर रोज़ हो रही 7 लोगों की हत्या, अब अपराधियों के आगे गिड़गिड़ाना शुरू करें सुशील मोदी-तेजस्वी
तेजस्वी ने कहा कि 18 सालों में राज्य में आपराधिक घटनाओं में कोई कमी नहीं देखी गई है.
बिहार में सुशासन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था का दावा करने वाली नीतीश सरकार पर सवाल उठने लगे हैं. कारण है कि पिछले 18 सालों में भी राज्य की कानून व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है. एक रिपोर्ट के मुताबिक़ प्रदेश में हर रोज़ लगभग 7 लोगों की हत्या की जा रही है.
न्यूज़18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक भले ही शीर्ष पदों पर बैठे पुलिस अधिकारी क़ानून व्यवस्था में सुधार का दावा कर रहे हों लेकिन, हकीकत यही है कि 18 सालों में राज्य में आपराधिक घटनाओं में कोई कमी नहीं देखी गई है.
न्यूज़18 की रिपोर्ट के मुताबिक़ साल 2001 में बिहार में प्रतिदिन करीब 10 लोगों की हत्या हो जाती थी, 2003 में यह आंकड़ा 10.58 तक जा पहुंची. 2010 में हत्या का आंकड़ा 9.21 था. अपराध का यह आंकड़ा 2012 में 9.77, 2013 में 9.43, 2014 में 9.32, 2015 में 8.71 था. 2017 में यह आंकड़ा 7.06 प्रतिदिन दर्ज किया गया है.
इस रिपोर्ट के मद्देनज़र राज्य में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है. उन्होंने कहा है कि सुशील मोदी और नीतीश कुमार को अपराधियों के सामने दंडवत होकर और हाथ-पैर जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए अपील करनी चाहिए. तेजस्वी ने कहा कि ऐसा करने से हो सकता है कि आपके अपराधी देवता का दिल पसीज़े और राज्य में अपराध के मामले में कमी आए.
सुशील कुमार जी लगता है अपराधियों ने आपका हाथ जोड़ना गंभीरता से नहीं लिया। आप और मुख्यमंत्री नीतीश जी दोनों अपराधियों के सामने दण्डवत होकर हाथ-पैर जोड़ एक बार फिर कोशिश करिए, तनी दिल से और ज़ोर से गिड़गिड़ा के…शायद आपके पालनहार अपराधी देवता आप दोनों पर कुछ कृपा बरसा दें। धन्यवाद https://t.co/PhvtcKNLRC
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 10, 2018
ग़ौरतलब है कि हाल ही में सुशील मोदी ने अधिकारियों से अपील की थी कि कम से कम एक ख़ास महीने में तो अपराध करना छोड़ दीजिए. इसके बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारे में उनकी खूब फ़जीहत हुई थी.