गोवा: फसल उपज बढ़ाने के लिए मंत्रों का जाप करने की सलाह दे रहे हैं भाजपा के मंत्री
उनका दावा है कि मंत्र ब्रहमांड से ऊर्जा खींचकर खेत में डालकर बीजों को बेहतर तरीके से प्रस्फुटिक होने में सहायता करते हैं, जिससे “अच्छी उपज” होती है.
किसानों की फ़सलों की पैदावार को बढ़ाने के लिए गोवा सरकार ने एक नई तरकीब निकाली है, जिससे किसानों की फ़सल पैदावार में बढ़ोतरी होगी. तकनीक के जमाने में गोवा सरकार ने किसानों को अच्छी फ़सल के लिए प्राचीन वैदिक मंत्रों का जाप करने की सलाह दी है.
जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार कृषि निदेशक ने कहा कि कृषि विभाग जैविक एवं पर्यावरण के अनुकूल खेती पर चलता है. वह “लौकिक खेती के प्रचारकों” तथा इस तरह के क्रियाकलापों में यकीन करने वाले लोगों से बात कर खेती की उपज बढ़ा सकते हैं. उन्होंने आगे कहा कि इसके तहत किसानों को अपने खेत में 20 दिनों तक रोज़ कम से कम 20 मिनट तक वैदिक मंत्रों का जपा करना होगा. लौकिक खेती में यकीन करने वालों का दावा है कि मंत्र ब्रहमांड से ऊर्जा खींचकर खेत में डालकर बीजों को बेहतर तरीके से प्रस्फुटिक होने में सहायता करते हैं, जिससे “अच्छी उपज” होती है.
कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि सरकार इस विषय में क्षेत्र के विशेषज्ञ शिव योग फाउंडेशन और ब्रहमकुमारी जैसे विभिन्न संस्थानों से बात कर रही है. कृषि मंत्री विजय सरदेसाई और कृषि निदेशक नेल्सन फिगुऐरोडो ने हरियाणा के गुड़गांव में शिव योग कृषि के प्रचारक गुरू शिवानंद से मुलाकात कर दैवीय खेती किसानों के लिए कैसे लाभदायक होगी इस विषय में बातचीत भी की थी.
गौरतलब है कि देश भर के लाखों किसान क़र्ज़ और भुखमरी की मार झेल रहे हैं और सबसे ज़्यादा शासन प्रशासन की उदासीनता के शिकार हैं. ऐसे में इस तरफ की बातों से लगता है कि सत्ता में बैठे लोग किसानों और उनकी समस्याओं से पल्ला झाड़ने की कोशिश में लगे हैं.