कश्मीर में मारे गए CRPF जवान पिंटू सिंह के परिजन बोले- मोदी और नीतीश सरकार ने किया है शहीदों का अपमान
शहीद पिन्टू के परिजनों का कहना है, “शहीद को सलामी देने के बजाय रैली को ज्यादा महत्व दिया गया. सभी अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं.”
बेगूसराय के शहीद जवान पिंटू सिंह के परिजनों को केंद्र व राज्य सरकार की बेरूखी से गहरा आघात पहुंचा है. शहीद के पार्थिव शरीर को लेने के लिए किसी भी नेता के एयरपोर्ट पर नहीं पहुंचने के कारण शहीद के परिजनों ने कहा कि ‘इससे पता चलता है कि सरकार शहीदों से कितना प्यार करती है.’
ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार पिन्टू के परिजनों का कहना है, “शहीद को सलामी देने के बजाय रैली को ज्यादा महत्व दिया गया. सभी अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं. सरकार के इस रवैये से पता चलता है कि सरकार सैनिकों के लिए कितनी मददगार है.”
परिजन ने कहा कि सरकार ने शहीदों का अपमान किया है. एक तरफ सरकार बोलती है कि हम शहीदों के साथ हैं, दूसरी तरफ वह एयरपोर्ट पहुंच कर श्रद्धांजलि देना भी जरूरी नहीं समझती है.”
बता दें कि हंदवाड़ा बॉर्डर पर तैनात शहीद पिंटू सिंह बेगूसराय के बखरी प्रखंड के ध्यान चक्की के निवासी थे. पटना एयरपोर्ट पर उनका शव पहुंचने पर बिहार सरकार का कोई भी नेता या मंत्री श्रद्धांजिलि देने नहीं पहुंचा था. क्योंकि, सभी नेता एनडीए की संकल्प रैली में व्यस्त थे