पंजाब यूनिवर्सिटी हॉस्टल में जारी हुआ एक संघी फरमान, लडकियां पहनकर निकले ‘सही कपड़े’
हॉस्टल प्रबंधन ने कहा, जो लड़की इस निर्देश का पालन नहीं करेगी उसके ख़िलाफ़ लग सकती है पेनल्टी
पंजाब यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में एक नोटिस लगाया गया है जिसमें कहा गया कि यदि कोई लड़की अपने कमरे से बाहर आए तो सही कपड़े पहन कर आए यदि वे ऐसा नहीं करती है तो उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार यह मामला माता गुजरी हॉस्टल नंबर-1 का है जहां हाल ही में एक नोटिस जारी किया गया जिसमें निर्देश दिए गए कि छात्राएं कॉमन रूम, डाईनिंग रूम, हॉस्टल ऑफिस या किसी कार्यक्रम में सही कपड़े पहन कर आएं।हॉस्टल रूल बुक के अनुसार जो लड़की इस निर्देश का पालन नहीं करेगी उसके ख़िलाफ़ हॉस्टल वॉर्डन पेनाल्टी लगा सकती है।
ज्ञात हो कि यह नोटिस तब लगाया गया जब पी.यू में पहली बार कोई लड़की छात्र संघ की अध्यक्ष चुनी गई है। 22 साल की कनुप्रिया ने गुरुवार को 719 मतों से चुनाव जीता था। छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने नोटिस को लेकर नाराज़गी ज़ाहिर की। विद्याथियों ने इस विषय में कहा, “इस तरह के नियम क्यों बनाए गए हैं| यह बिल्कुल गलत है और ऐसे नियमों को ख़त्म कर देना चाहिए।”
यह पहली बार नहीं है जब पंजाब यूनिवर्सिटी में इस तरह का मामला सामने आया है| इससे पहले भी अपने छात्र विरोधी नीतियों के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी सुर्ख़ियों में छाई थी| बीते अप्रैल में फीस बढ़ोतरी को लेकर पी.यू में काफी हंगामा हुआ। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय में प्रशासन द्वारा फीस बढ़ाने के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान 66 छात्रों के ख़िलाफ़ पुलिस ने राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया। आंदोलन के चलते 40 छात्रों समेत 22 पुलिसकर्मी घायल हुए और 52 छात्रों को गिरफ़्तार भी किया गया था।