हमारा बस चले तो जनसंख्या बढ़ाने वालों का सिर कलम कर दें: गिरिराज सिंह की सभा में मुसलमानों के ख़िलाफ़ उगला गया ज़हर, देखें विडियो
द प्रिंट में शाहबाज अंसार की विडियो रिपोर्ट के मुताबिक इस सभा में सुदर्शन न्यूज़ के पत्रकार सुरेश चव्हाणके ने भी सांप्रदायिक और भड़काऊ बयान दिए.
देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर बहस तेज हो गई है. इस बाबत राज्यसभा में भाजपा नेता राकेश सिन्हा ने बीते शुक्रवार 12 जुलाई को एक प्राइवेट मेंबर विधेयक का प्रस्ताव रखा. इसके बाद दिल्ली के जंतर मंतर पर भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने एक सभा करके मुसलमानों के ख़िलाफ़ भड़काऊ बयान दिए हैं.
द प्रिंट में शाहबाज अंसार की विडियो रिपोर्ट के मुताबिक गिरिराज सिंह ने जंतर मंतर पर आयोजित सभा में कहा है, “हमें सभी मिलते हैं, बैकवॉर्ड मिलते, फॉरवर्ड मिलते, एससी मिलते, एसटी मिलते लेकिन हिन्दू नहीं मिलते हैं. एक तरफ हिन्दुओं की घटती हुई आबादी है, भारत में बढ़ती हुई आबादी को रोकने के लिए हमें एक कानून बनाना होगा.”
इस सभा में सुदर्शन न्यूज़ के पत्रकार सुरेश चव्हाणके भी मौजूद थे. सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “दिल्ली में 200 साल से पहले का कोई भी मंदिर नहीं मिलता है. मुसलमान शासकों ने सारे मंदिरों को तोड़ दिया.” बता दें कि सुरेश चव्हाणके अपने टीवी चैनल पर लगातार सांप्रदायिक और भड़काऊ बयान देते रहते हैं.
इस सभा में आए लोगों ने भी खूब भड़काऊ बयान दिया. एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा कि मुसलमानों के अधिकार छिन लिए जाएंगे तो सारे समस्याओं का समाधान हो जाएगा. एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि अगर कानून उसके हाथ में हो तो वह जनसंख्या बढ़ाने वाले लोगों (मुसलमानों) का सिर कलम कर दे, लेकिन ये तो संविधान ही अलग है.
इसके साथ साथ इस सभा में ऐसे गाने भी बजाए गए जो भड़काऊ और मुसलमानों को उकसाने वाले थे.