सरकार का जनता से लगातार धोखा: पेट्रोल 23 पैसे तो डीज़ल 29 पैसे महंगा हुआ
बीते दिनों सरकार ने 2.50 रुपए की मामूली कटौती की थी, लेकिन इसके बाद फ़िर से तेलों के दाम बढ़ने लगे हैं।
देश में पेट्रोल और डीज़ल के दामों का बढ़ना बदस्तूर जारी है। मंगलवार को दिल्ली में पेट्रोल के दाम में 23 पैसे और डीज़ल के दाम में 29 पैसे की वृद्धि हुई। फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के मुताबिक इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल प्रति लीटर 82.26 रुपए और डीज़ल प्रति लीटर 74.11 रुपए के हिसाब से बेचा जा रहा है।
वही मुंबई में पेट्रोल की कीमत में 23 पैसे और डीज़ल की क़ीमत में 29 पैसे का ईज़ाफ़ा देखा गया। अब मुंबई में पेट्रोल 87.73 रुपए प्रति लीटर और डीज़ल 77.68 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बेचा जा रहा है।
इससे पहले सोमवार को भी पेट्रोल-डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी दर्ज़ की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 21 पैसे और डीज़ल की कीमत में 29 पैसे का ईज़ाफा हुआ था।
बीते गुरुवार को केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल के दामों में 2.50 रुपए की मामूली कटौती करके जनता को गुमराह करने की कोशिश की थी।