May a good source be with you.

नसीरुद्दीन शाह के समर्थन में उतरे पूर्व IPS अधिकारी, बोले- इस देश में अगर कोई कहे कि डर या चिंता नहीं है, वह झूठ बोलता है

पूर्व आईपीएस ध्रुव गुप्त ने कहा कि सौ कमांडो लेकर घूमने वाले प्रधानमंत्री को भी डर लगता है.

अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को इन दिनों दक्षिणपंथियों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है. बुलंदशहर हिंसा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करना इस अनुभवी अभिनेता के लिए उल्टी-सीधी टिप्पणियों का विषय बन गया. लेकिन नसीरुद्दीन शाह के समर्थन में भी कई लोग उतर गए हैं. पूर्व आईपीएस ध्रुव गुप्त ने कहा है कि नसीरुद्दीन शाह हम आपके साथ हैं. आपकी फ़िक्र और गुस्सा सिर्फ आपका नहीं हम सभी संवेदनशील भारतीयों का फ़िक्र और गुस्सा है.

नेशनल स्पीक की ख़बर के अनुसार ध्रुव गुप्त ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिसके राज में अपने से अलग विचारधारा के लोगों को देश के सांसदों और मंत्रियों द्वारा पाकिस्तान भेजने की धमकियां दी जाती हो, जहां आस्था के नाम पर संविधान और सर्वोच्च न्यायालय का मज़ाक उड़ाया जाता हो, जहां गाय की जान इंसानों की जान से ज्यादा कीमती है.

उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जिस देश में गोकशी के आरोप में निर्दोष लोगों को जेल भेजा जाता है और हत्यारों को राजनीतिक संरक्षण मिलता हो जहां लड़कियों के बलात्कार के बाद जिंदा जला दिया जाता हो और सरकार के किसी मंत्री की जुबान नहीं खुलती दलितों को सड़कों पर नंगा करके पीटा जाता हो, झूठे मुठभेड़ो के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्याएं की जाती हों- उस देश का कोई भी संवेदनशील आदमी अगर यह कहता है कि उसे डर या गुस्सा नहीं आता तो वह झूठ बोलता है.

देश के इस माहौल में डर तो सौ कमांडो लेकर घूमने वाले हमारे प्रधानमंत्री को भी लगता है. जिन्होंने कुछ ही समय पहले ही अपनी हत्या की आशंका जताई थी. ध्रुव गुप्त ने आगे कहा कि नसीरुद्दीन शाह हम आपके साथ हैं. आपकी फ़िक्र और गुस्सा सिर्फ आपका नहीं- हम सभी संवेदनशील भारतीयों की फ़िक्र और गुस्सा है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+