पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट के पत्नी ने कहा, 5 सितंबर को गिरफ़्तारी के बाद अब तक भट्ट की कोई ख़बर नहीं
मोदी सरकार के मुखर आलोचक संजीव भट्ट को 22 साल पुराने प्रकरण में किया गया गिरफ्तार
15 सितंबर को पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट की पत्नी श्वेता भट्ट ने फेसबुक पर एक पोस्ट के ज़रिये बताया कि 5 सितंबर को गिरफ़्तार होने के बाद से संजीव भट्ट की कोई ख़बर नहीं है। भट्ट के फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए श्वेता ने लिखा, “आज मेरे पास लिखने के लिए कुछ नहीं है, मेरे पास कोई अपडेट नहीं है, मुझे नहीं पता कि संजीव कैसे है? मैंने पिछले 12 दिनों से न मैं उनसे मिल पायी हूँ और न ही उनसे मेरी बात हो पायी है। आज 12वा दिन है और आज भी वो घर नहीं लौटे हैं।
उन्होंने आगे लिखा, “मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि उन्होंने ऐसा क्या किया है? वे इतने सारे भारतीयों की आवाज़ है और इसलिए उनकी आवाज़ को दबाने की कोशिश की जा रही है। श्वेता ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें उन्होंने कहा, “मैं संजीव भट्ट का समर्थन करता हूं और मेरी आवाज बंद नहीं की जा सकेगी।”
दरअसल 5 सितंबर को गुजरात सीआईडी ने एक वकील सुमेर सिंह राजपुरोहित द्वारा दायर 1996 के मामले में पूछताछ के लिए भट्ट को हिरासत में लिया था। राजपुरोहित का आरोप था कि भट्ट ने उनका अपहरण कर उनके ख़िलाफ़ एनडीपीएस एक्ट के तहत झूठा मामला बनाया था। संजीव भट्ट उस व़क्त बनासकांठा में बतौर एसपी कार्यरत थे।
संजीव भट्ट मोदी सरकार के सबसे प्रसिद्द और मुखर आलोचकों में से एक हैं। कई कार्यकर्ताओं, मीडिया और विपक्ष ने 22 साल पहले के मामले में संजीव की गिरफ़्तारी पर सवाल उठाया है।