भाजपा में मेहनत को नहीं बल्कि पैरवी को दी जाती है तवज्ज़ो- पूर्व बीजेपी सांसद
इलाहाबाद से भाजपा सांसद श्याम चरण गुप्ता पार्टी के टिकट बंटवारे को लेकर नाख़ुश हैं.
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है भाजपा में कुछ नेताओं का बागी तेवर देखने को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद से सांसद श्याम चरण गुप्ता ने शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा कि उन्हें पता लग गया है कि पार्टी(भाजपा) में कठीन परिश्रम का कोई मूल्य नहीं हैं. बल्कि पैरवी को ज़्यादा तवज्ज़ो दी जाती है.
सांसद ने दावा किया कि पार्टी नेतृत्व उनकी वफादारी को पहचानने में विफल रही है, भले ही उनका साफ-सुथरा ट्रैक रिकॉर्ड था और उन्होंने पार्टी और जनता की निस्वार्थ सेवा की है.
दरअसल, ऐसा माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा सांसद श्याम चरण गुप्ता का किनारा लगाया जा सकता है और उनकी जगह किसी दूसरे उम्मीदवार को टिकट दिया जा सकता है.
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार सांसद ने आरोप लगाया कि “मैं अभी भी अगले एक महीने के लिए बीजेपी सांसद हूं. चार से पांच लोगों को छोड़कर, राज्य में पार्टी के किसी भी सांसद ने उतनी मेहनत नहीं की है जितनी मैंने पिछले पांच सालों में की है. जब भी पार्टी को जरूरत थी मैं पार्टी के साथ खड़ा था फिर चाहे वह पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो या विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करना.”
उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए खर्च की गयी मोटी रकम की अदायगी करना छोड़ दें तो पार्टी नेतृत्व भी इसे स्वीकार करने में विफल रहा है. कई सांसदों के बच्चों को टिकट दिया गया. लेकिन उनके बेटे को मना कर दिया गया. पार्टी के अलाकमानों को इसकी बेहतर जानकारी है.
बता दें कि श्यामचरण गुप्ता राजनीतिक शख्सियत होने के साथ ही प्रदेश के बड़े व्यवसायियों में से एक हैं.
वहीं, कांग्रेस में शामिल होने के विचार पर उन्होंने कहा कि इसपर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगी. क्योंकि वह अभी भी भाजपा से लोकसभा की टिकट के लिए इंतजार कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि, “ मैं अभी इसपे कोई भी टिप्पणी करने से बचना चहता हूं.”
अपने बेटे विदुप अग्रहरी के हाल ही में की गयी घोषणा को लेकर उन्होंने कहा कि “उसने एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की योजना बनायी है. मेरा बेटा पार्टी द्वारा किए रवैये से नाराज़ है. एक तरह से वह सही भी है. लेकिन मैने जल्दबाज़ी में कोई फैसला लेने से रोक दिया था.”
नोट: ख़बर के अनुसार श्याम चरण गुप्ता आज सपा में शामिल हो गए हैं.