May a good source be with you.

भगवान के लिए बुलेट ट्रेन को भूल जाइये, पहले उन ट्रेनों की हालत सुधार लीजिये जो पहले से चल रही हैं : वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मी कांता चावला

चावला ने रेल मंत्री पियूष गोयल को स्पेशल कोच में सफ़र करने के बजाय किसी दिन एक आम आदमी की तरफ ट्रेन में सफ़र कर लोगों की परेशानियां महसूस करने की सलाह दी.

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पंजाब की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री लक्ष्मी कांता चावला ने देश में ट्रेनों की खराब हालत को सुधार पाने में नाकाम साबित होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री पियूष गोयल को जमकर खरी खोटी सुनाई.

चावला ने यह बातें तब कहीं जब वे सरयू-यमुना एक्सप्रेस में सफ़र कर रही थीं. उन्होंने कहा, “यह ट्रेन पहले ‘फ्लाइंग मेल’ के नाम से जाना जाता था. लेकिन आज यह 8 घंटों की देरी से चल रही है.”

उन्होंने आगे कहा, “मेरी भारत सरकार और मोदी जी से बस एक अपील है. आम जनता पर थोड़ा रहम खाइए. जो ट्रेनें देश में चल रही हैं उनकी हालत बहुत ख़राब हैं. शौचालय ख़राब हैं, सीट टूटे हुए हैं.” उन्होंने कहा कि वे एसी 3 टियर कोच में सफ़र कर रही हैं और उन्हें इतनी समस्या झेलनी पड़ रही है. “ट्रेन का रूट बदल दिया गया लेकिन किसी ने भी हमें यह सूचना नहीं दी कि ट्रेन देर क्यों है और कब चलना शुरू करेगी. अगर किसी ट्रेन में भोजन का प्रबंधन न हो और यात्रियों को 10 घंटे ज़्यादा ट्रेन में बिताना पड़े, तो क्या हालत होगी उनकी?”

चावला ने सीधा प्रहार करते हुए कहा, “भगवान के लिए बुलेट ट्रेन को भूल जाइये. भूल जाइये उस ट्रेन को जो 120 या 200 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलता है. पहले उन ट्रेनों की हालत सुधार लीजिये जो पहले से चल रही हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “प्रतीक्षा गृहों की कमी की वजह से लोगों को इतनी ठण्ड में फूटपाथ और प्लेटफार्म पर सोना पड़ता है, कोई उनके बारे में नहीं सोचता पियूष गोयल जी, मोदी जी!”

भारतीय रेल की इस बुरी हालत से नाराज़ चावला ने केंद्रीय मंत्री को एक सलाह भी दे डाली. उन्होंने कहा, “अपने स्पेशल कोच में सफ़र करने के बजाय किसी दिन एक आम आदमी की तरफ ट्रेन में सफ़र करिए और देखिये कि किस तरह की परेशानियां वो झेलते हैं.”


चावला ने आगे कहा, “मैं भारतीय रेल की इन ट्रेनों में सफ़र करके बहुत निराश हूँ. राजधानी और शताब्दी की हालत को सुधार गया है, यह ट्रेनें अमीरों के लिए हैं. उन ट्रेनों का आप क्या कर रहे हैं जिनमें मज़दूर, किसान और जवान सफ़र करते हैं?”

उन्होंने इस बात की भी आलोचना की कि किस तरह पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन में खानपान के स्टाल बंद कर दिए गए हैं और पानी तक मिलना दूभर हो गया था. उन्होंने टिकेट चेकर के भ्रष्ट तरीक़ों के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि उन्होंने एक टीसी के बारे में शिकायत की थी जिन्होंने तीन यात्रियों से 4500 रु ले लिए थे. उन्होंने कहा, “वो शिकायत आप (पियूष गोयल) तक पहुँच गई होगी. अखबार में छपा है आज. अगर कोई है जो इस पर कोई ध्यान दे सके तो ध्यान दें वरना यही होगा अंधेर नगरी चौपट राजा…”

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+