विकास के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए शहरों का नाम बदल रही भाजपा: फारूक अब्दुल्ला
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि नाम बदलने का प्रयास भाजपा के बैर-भाव को दर्शाता है.
योगी सरकार द्वारा नाम बदलने को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने निशाना साधते हुए कहा कि शहरों का नाम बदलकर भाजपा भारत की बहुलवादी छवि को बदलने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि देश में विकास के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है.
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के अनुसार फारूक अब्दुल्ला ने कहा , “भारत भिन्न संस्कृतियों का मिश्रण है और मुसलमानों के योगदान को कम नहीं किया जा सकता है. भारत की सांस्कृतिक थाती में उनका प्रत्यक्ष योगदान है. चाहे वह भाषा, शिल्प, भोजन या अन्य कलाओं के रूप में हो.” साथ ही केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए अब्दुल्ला ने कहा, “ऐसे प्रयास भाजपा की प्रदेश सरकारों के बैर-भाव को दर्शाते हैं. इनमें वर्तमान की उत्तर प्रदेश सरकार का अकादमिक और ऐतिहासिक तथ्यों से विद्वेष शामिल है.”
फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “इतिहास गवाह है कि मुसलमानों ने हमारे देश के बहुलवादी मूल्यों को सशक्त बनाया है. देश की स्वतंत्रता में मुसलमानों का योगदान अनदेखा नहीं किया जा सकता. मौलाना आज़ाद, एपीजे अब्दुल कलाम ने भारत के विकास में योगदान दिया है.” गौरतलब है कि योगी सरकार द्वारा नाम बदलने की इस मुहिम का अखिलेश यादव समेत कई राजनेता कड़ी निंदा कर चुके हैं.
इसे भी पढ़ें- बंद पड़े हैं सारे काम, बिखरा पड़ा सब सामान, तरक्की के रुके रास्ते, बदल रहे बस नाम: अखिलेश यादव