May a good source be with you.

नहीं, दुबई की मस्जिद में मुस्लिम महिलाओं ने भजन नहीं गाए; भ्रामक विडियो वायरल

ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल

“दुबई में मुस्लिम ओरतो ने नई पहल करते हुए मस्ज़िद में राम भजन प्रस्तुत किया और उनके शेख पतियों ने ताली बजाकर लय बद्ध उनका साथ दिया l” – इस संदेश के साथ एक वीडियो, जिसमें बुर्का पहनी महिलाएं भजन गा रही हैं, सोशल मीडिया पर फैलाया गया है।

https://www.facebook.com/Hindushaktimaha/videos/365033720998571/

ऊपर वर्णित दावे के साथ यह वीडियो पिछले कुछ दिनों में कई सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा शेयर किया गया है। एक ही संदेश के साथ इसके शेयर किए जाने से लगता है कि इसे व्हाट्सएप्प पर भी प्रसारित किया गया है। वीडियो क्लिप लगभग चार मिनट लंबा है।

ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि वास्तव में, इस दावे के साथ यह वीडियो हाल में, एक दक्षिणपंथी फेसबुक पेज आज़ाद भारत द्वारा नवंबर 2018 में पोस्ट किया गया था। इसके 9,000 से ज्यादा शेयर हुए थे।

https://www.facebook.com/officialazaadbharat/videos/1988057678161371/

क्या है इस वीडियो की सच्चाई?

‘mosque bhajan’ (मस्जिद में भजन) कीवर्ड्स की गूगल पर एक सामान्य खोज से ही एबीपी न्यूज़ का एक वीडियो सामने आता है। इस चैनल ने अपने ‘वायरल सच’ कार्यक्रम में इस दावे की दो बार तथ्य-जांच की थी, पहले अगस्त, 2016 में फिर फरवरी, 2018 में। यह दर्शाता है कि यह दावा कम से कम दो वर्ष से सोशल मीडिया में प्रसारित किया जा रहा है। इसकी तथ्य-जांच द क्विंट ने भी की है।

यह वीडियो, जैसा दावा किया गया, दुबई की किसी मस्जिद का नहीं, बल्कि आंध्रप्रदेश के पुट्टपर्थी में आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के आश्रम ‘प्रशांति निलयम’ का है। कोलंबो टेलीग्राफ की जुलाई 2013 की “साईं बाबा की अरबी-इस्लामी खुशबू” – (अनुवाद) शीर्षक से एक रिपोर्ट के अनुसार, 2012 में आयोजित इस कार्यक्रम में बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब, सीरिया, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात से भक्त आए थे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का पूरा वीडियो नीचे पोस्ट किया गया है।

निष्कर्षत: भजन गातीं बुर्का पहनी महिलाओं का वीडियो दुबई की किसी मस्जिद का नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश में पुट्टपर्थी के सत्य साईं बाबा के आश्रम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का है।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+