फ़ेक न्यूज़ः भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद का असली नाम नसीमुद्दीन खान नहीं है, सोशल मीडिया पर झूठी ख़बर वायरल
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
सोशल मीडिया में वायरल एक दावे के मुताबिक, भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण का असली नाम नसीमुद्दीन खान है। यह वायरल संदेश कुछ इस तरह है, “भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर रावण का असली नाम नसीमुद्दीन खान है. कितने लोगों को पता था ये हिन्दुओं को तोडने की कुटिल मुस्लिम चाल”।
इस दावे को पहले ट्विटर हैंडल हिन्दू फर्स्ट (@Hindu1stPalghar) ने प्रसारित किया था, जिसे केवल तीन घंटो में करीब 1,200 बार रीट्वीट और 2,000 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया था।

यह दावा ट्विटर पर वायरल है।

इस दावे को फेसबुक पर भी कई ग्रुप- जैसे मोदी सेना और पेज- – हिंदू राष्ट्र हिंदुत्व की पहचान, Jammu Hindus Against Rohingyas, We support hindutava Army और कई व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं ने साझा किया है।

झूठी खबर
यह दावा गलत है कि चंद्रशेखर आज़ाद का असली नाम नसीमुद्दीन खान है। भीम आर्मी के प्रमुख ने खुद ट्विटर पर इस दावे का मज़ाक उड़ाते हुए लिखा है,“जबसे ये पोस्ट पढ़ी है मेरी तो हंसी नही रुक रही है। वैसे नसीमुद्दीन नाम बुरा नही है”।
https://twitter.com/BhimArmyChief/status/1140642013529776129
आज़ाद ने अपनी दलित पहचान के इर्द-गिर्द अपनी राजनैतिक कैरियर बनाई है। कई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के पास स्थित एक छोटे से शहर छुटमलपुर से हैं। उनके पिता गोवर्धन दास सरकारी स्कूल के सेवानिवृत प्रिंसिपल हैं। 2017 में द क्विंट द्वारा लिए गए इंटरव्यू में, आज़ाद ने यह बात बताई थी कि कैसे उनके पिता की बेइज़्ज़ती की गई थी क्योंकि वह ‘चमार’ जाति के हैं। ‘चमार’ जाति को ‘दलित’ या ‘अछूत’ माना जाता है, हालांकि, वे आधिकारिक तौर पर अनुसूचित जाति की श्रेणी में आते हैं।
चंद्रशेखर आज़ाद को पहले भी गलत सूचनाओं का शिकार बनाया गया है, जब ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 18 ने इस दलित नेता के बयान को गलत तरीके से पेश किया था।