May a good source be with you.

फैक्ट चेकः 2019 का लोकसभा चुनाव सबसे कम सीटों पर लड़ रही है कांग्रेस?, PM मोदी ने किया झूठा दावा

ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल

क्या कांग्रेस पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में अपने पूरे इतिहास में सबसे कम सीटों पर चुनाव लड़ रही है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार, ऐसा ही है।

पीएम मोदी ने हाल ही अंग्रेजी समाचार चैनल इंडिया टुडे को एक साक्षात्कार दिया। वरिष्ठ एंकर अंजना ओम कश्यप के साथ बातचीत में, लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की संभावनाओं के बारे में बोलते हुए मोदी ने कहा कि मीडिया या तो जानबूझकर या अन्यथा, यह रिपोर्ट करने में विफल रही कि कांग्रेस जितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वह संख्या उनके पूरे राजनीतिक इतिहास में सबसे कम है। साक्षात्कार का वीडियो नीचे पोस्ट किया गया है। संबंधित भाग 1:03:45वें मिनट से है।

पीएम मोदी ने कहा, “…तीसरी बात जो मीडिया मिस कर रहा है। अब वह उनकी मदद करने के लिए मिस कर रहा है या ईमानदारी से मिस कर रहा है, मैं आरोप नहीं लगाता हूं। 2014 के चुनाव, उसके नतीजे, कांग्रेस का उसके पूरे जीवन काल का सबसे कम सीटें जीतने का रिकॉर्ड, 2014और 2019, उनके पूरे जीवन काल में सबसे कम सीटें लड़ने का रिकॉर्ड। ये दो चीजें देश के सामने बार-बार आनी चाहिए।”

पीएम मोदी ने दो दावे किए :

1. 2014 में कांग्रेस अपने सबसे निचले स्तर तक सिमट गई

2. आम चुनावों के इतिहास में कांग्रेस सबसे कम सीटों पर चुनाव लड़ रही है

क्या पीएम मोदी का दावा सही है?

पहला दावा यानी 2014 में कांग्रेस ने सबसे कम सीटें जीतकर इतिहास बनाया, यह सही है। इस पार्टी का 44 सीटों होना आम चुनाव में अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन था।

दूसरे दावे में, सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस नेता अहमद पटेल द्वारा पीएम मोदी को जवाब दिया गया। उन्होंने ट्वीट किया कि “कांग्रेस अबतक की अपनी सबसे कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रही है”, और प्रधानमंत्री को “गलत ढंग से सूचित” बताया।

ऑल्ट न्यूज़ तथ्य-जाँच

पीएम मोदी और कांग्रेस पार्टी के इन दावे और प्रति-दावे की तह तक जाने के लिए, ऑल्ट न्यूज़ ने सबसे पहले पार्टी की वेबसाइट पर उपलब्ध कांग्रेस की उम्मीदवार सूची देखी। यह ध्यान देने योग्य है कि निचले सदन के लिए 543 सदस्य चुने जाते हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में, कांग्रेस पार्टी 424 सीटों से चुनाव लड़ रही है।

क्या कांग्रेस पार्टी के इतिहास में 424 का यह आंकड़ा सबसे कम है, जैसा कि पीएम मोदी ने दावा किया है? ऑल्ट न्यूज़ ने 2014, 2009 और 2004 के पिछले आम चुनावों में कॉंग्रेस द्वारा दी गई उम्मीदवारों की कुल संख्या की जाँच की। क्रमिक लोकसभा चुनावों की सांख्यिकीय रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

2014 में, कांग्रेस के उम्मीदवारों की कुल संख्या 464 थी। 2009 में पार्टी ने देशभर में 440 उम्मीदवार रखे थे। वर्ष 2004 में, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 417 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ा। यह वर्तमान चुनाव में पार्टी की सीटों की संख्या, जो 424 है, उससे कम है।

1996 से 2019 तक सात आम चुनावों में कांग्रेस द्वारा लड़ी गई सीटों की कुल संख्या संदर्भ के लिए नीचे तालिका में दी गई है।

जैसा कि उपरोक्त तालिका से स्पष्ट है, 2019 का आम चुनाव वह चुनाव नहीं है जिसमें कांग्रेस सबसे कम सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने 2004 में, 424 की तुलना में सात कम सीटों यानी 417 सीटों पर चुनाव लड़ा था। यह पिछले छह आम चुनावों का सबसे कम आंकड़ा है। दिलचस्प बात यह है कि 2004 वह साल था जब कांग्रेस ने सभी चुनाव पूर्वानुमानों को खारिज करते हुए वाजपेयी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को मात दी थी।

इतना काफी है, यह कहने के लिए कि पीएम नरेंद्र मोदी का दूसरा दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है। यह ध्यान देने योग्य है कि इस खूब प्रचारित “अविस्मरणीय और अनूठे” साक्षात्कार में प्रधानमंत्री के इस झूठ पर एंकर ने कोई सवाल नहीं किया गया।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+