May a good source be with you.

फैक्ट चेकः दिल्ली में मॉब लिंचिंग के ख़िलाफ़ मुस्लिम समुदाय द्वारा आयोजित रैली को बताया गया ‘शक्ति प्रदर्शन’

ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल

कृपया सभी को…कोलंबस स्कूल, शंकर रोड सड़क के दोनों किनारों पर, यूपी, हरियाणा के विभिन्न गाँवों से आई बसों की 2 लाइनें पार्क की गई हैं…और फिर 2/4 लाख मुसलमान तालकटोरा स्टेडियम के आसपास इकट्ठे हो रहे हैं। यह मुस्लिम एकता का शक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम है। जैसा कि जम्मू कश्मीर में स्थति है… 2/3 लाख मुसलमान इक्क्ठा हो रहे है और वैसे तो कभी पता नहीं…तो, कृपया सावधान रहिये और दिल्ली के केंद्र में ना जाए…क्योंकि सुरक्षा ज़रूरी है। – (अनुवाद)

उपरोक्त संदेश को व्हाट्सअप पर इस चेतावनी के साथ साझा किया गया है कि कृपया मध्य दिल्ली की तरफ ना जाएं, क्योंकि तालकटोरा स्टेडियम में “मुस्लिम एकता शक्ति प्रदर्शन” का कार्यक्रम है। इसके साथ बताया गया है कि इस कार्यक्रम में 2 से 4 लाख मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होंगे। संदेश के साथ साझा किए गए वीडियो में मुस्लिम समुदाय के लोगों को रास्तों पर काफी बड़ी संख्या में चलते हुए देखा जा सकता है।

साझा किए गए वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।

इस संदेश को  फेसबुक पर भी साझा किया गया है।

शक्ति प्रदर्शन नहीं, मॉब लिंचिंग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

सोशल मीडिया में किया गया दावा गलत है। ऑल्ट न्यूज़ ने पुलिस से यह जानने के लिए संपर्क किया कि तालकटोरा स्टेडियम के आस-पास मुस्लिमों द्वारा कोई शक्ति प्रदर्शन हुआ था या नहीं। हमें बताया गया कि 5 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में मॉब लिंचिंग के खिलाफ अमन एकता सम्मेलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

आगे इस घटना से सबंधित की-वर्ड्स से गूगल सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को इस कार्यक्रम के जुड़े कई मीडिया संगठनों के लेख मिले। 5 अगस्त, 2019 को प्रकाशित टाइम्स ऑफ़ इंडिया के लेख के मुताबिक, ‘जमीयत उलेमा ए हिन्द’ द्वारा “अमन-एकता सम्मलेन” का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन का आयोजन देश भर में हो रही मॉब लिंचिंग की घटनाओं के विरोध में किया गया और ये दिल्ली में तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के बारे में कई अन्य मीडिया संगठन जैसे कि बिज़नेस स्टैंडर्डकारवां डेलीद वीक ने भी लेख प्रकाशित किए हैं।

इसके अलावा, जमीयत उलेमा ए हिन्द ने अपनी वेबसाइट पर इस कार्यक्रम के बारे में विस्तृत विवरण दिया है।

वीडियो

हमें सोशल मीडिया पर अमन एकता सम्मेलन के कई वीडियो मिले। फेसबुक पर हिन्द की आवाज Jamiat Youth Club नामक पेज ने इस कार्यक्रम का एक वीडियो पोस्ट किया है, इस वीडियो को और व्हाट्सप्प पर साझा किए गए वीडियो की बारीकी से जांच करने पर हमें दोनों में कई समानताएं देखने को मिली, जैसे कि दोनों वीडियो में दिख रहे झंडे समान दिखाई दे रहे हैं।

साझा किये गए वीडियो को स्लो मोशन में देखने पर हमें एक हरे रंग का साइन बोर्ड मिला, जिसके ऊपर ‘मंदिर मार्ग’ लिखा हुआ था। मंदिर मार्ग तालकटोरा स्टेडियम के पास का इलाका है।

आखिर में यह दोहराया जा सकता है कि सोशल मीडिया में किया गया दावा कि लाखों मुसलमान “मुस्लिम एकता शक्ति प्रदर्शन” के लिए दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में इक्क्ठा हुए थे, गलत है। यह मॉब लिंचिंग के खिलाफ जमीयत उलेमा ए हिन्द द्वारा आयोजित “अमन-एकता सम्मलेन” था। हालांकि, इस सम्मेलन के कारण इक्क्ठा हुई भारी भीड़ की वजह से मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित हुई थी।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+