May a good source be with you.

फैक्ट चेकः अमेरिकी पॉप गायिका मैडोना ने नहीं गाया हनुमान चालीसा, सोशल मीडिया पर फैलाई गई झूठी ख़बर

ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल

सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें बताया गया है कि अमेरिकी कलाकार मैडोना ने हनुमान चालीसा गाया है। रेणुका जैन ने 25 अप्रैल को ट्वीट किया, “मैडोना द्वारा हनुमान चालीसा”-(अनुवाद), जिसमें एक महिला भगवान हनुमान का भजन (हनुमान चालीसा) गा रही है।

https://www.youtube.com/watch?v=eWojWAuBDrI

ट्विटर और फेसबुक पर कई अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स ने इसी संदेश के साथ वीडियो शेयर किया है।

मैडोना नहीं

ऑल्ट न्यूज़ ने कलाकार की पहचान निर्धारित करने के लिए यांडेक्स की रिवर्स इमेज सर्च टूल का उपयोग किया। वायरल वीडियो के एक फ्रेम की रिवर्स इमेज सर्च से सुझाव मिला कि इस बैंड का नाम ‘शांति पीपल’ है।

वायरल वीडियो में हनुमान चालीसा गा रही गायिका मैडोना नहीं है, जैसा कि दावा किया गया है। वह शांति पीपल नामक ग्रुप की गायिका उमा देवी हैं। हमें यह वायरल वीडियो, बैंड के आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया मिला।

नीचे पोस्ट किए गए स्क्रीनशॉट में, उनके फेसबुक पेज पर वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में बताई गई अलग-अलग कलाकारों की पहचान को स्पष्ट देखा जा सकता है। इनमें एक है, “गायन – नताशा उमा”।

उमा के फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार, वह रूस की हैं और यूक्रेन में रहती हैं। नीचे, तुलना करने के लिए, बाईं ओर एक वीडियो से ली गई शांति पीपल की गायिका उमा की तस्वीर है जबकि दाईं ओर अमेरिकी पॉप स्टार मैडोना हैं।

शांति पीपल की आधिकारिक वेबसाइट के ‘हमारे बारे में’ अनुभाग में कहा गया है, “शांति पीपल एक संगीत बैंड है जो प्राचीन वैदिक मंत्रों को समकालीन इलेक्ट्रॉनिक नृत्य संगीत (EDM) के साथ मिलाता है।” इस वीडियो को पूर्व में इंडिया टुडे ने खारिज किया था।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+