May a good source be with you.

मोदी सरकार ने विश्वविद्यालयों सहित सीबीआई जैसे राष्ट्रीय संस्थानों का माहौल ख़राब किया है-मनमोहन सिंह

मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने वादा किया था कि विदेशों में रखा काला धन देश में वापस लाएंगे। लेकिन उस वादे को पूरा नहीं किया गया। बल्कि देश में वस्तु एंव सेवा कर (जीएसटी) लागू किया गया जो, अर्थव्यवस्था के लिए आपदा की तरह साबित हो रहा है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर विश्वविद्यालयों सहित सीबीआई जैसे राष्ट्रीय संस्थानों का माहौल ख़राब करने का आरोप लगाया।
दरअसल, मनमोहन सिंह कांग्रेस नेता शशि थरूर द्वारा लिखे पुस्तक ‘पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी एंड हिज इंडिया’ के विमोचन के अवसर पर शामिल होने पहुंचे थे और इसी मौक़े पर उन्होंने मोदी सरकार पर जम कर निशाना साधा।

जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि ‘मोदी की बातों और वादों से मतदाताओं को भरोसा उठ गया है। मोदी सरकार सांप्रदायिक हिंसा, मॉब लिंचिंग और गौ रक्षा जैसे ज़्यादातर मुद्दों पर चुप्पी साधे रहती है। इस सरकार से भारत की परिकल्पना को खतरा है।’

मनमोहन सिंह ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने वादा किया था कि विदेशों में रखा काला धन देश में वापस लाएंगे। लेकिन उस वादे को पूरा नहीं किया गया। बल्कि देश में वस्तु एंव सेवा कर (जीएसटी) लागू किया गया जो, अर्थव्यवस्था के लिए आपदा की तरह साबित हो रहा है।

उन्होंने पेट्रोल और डीज़ल के बढ़ते दामों पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा अंर्तराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में गिरावट होने के बावजूद भी देश में पेट्रोल और डीज़ल के दामों में भारी उछाल आया। उन्होंने मोदी सरकार को खोखले वादे करने वाली और अक्खड़ फैसले लेने वाली सरकार करार दिया है।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+