विराट कोहली भी अब दे रहे हैं नागरिकता का सर्टिफिकेट, एक क्रिकेट प्रशंसक को कहा – भारतीय खिलाड़ी न पसंद हो तो देश छोड़ दें
“मुझे नहीं लगता है कि आपको भारत में रहना चाहिए. जाओ कहीं और रहो. आप हमारे देश में क्यों रहते हैं और दूसरे देशों से प्यार करते हैं?”
2014 के चुनाव प्रचारों से शुरू हुआ सिलसिला अब तक चला आ रहा है. हर दूसरा व्यक्ति अपने विचारों के साथ मतभेद महसूस करते ही दूसरों को भारत छोड़कर जाने को कहते नज़र आ रहा है. अब इस फ़ेहरिस्त में क्रिकेटर विराट कोहली का भी नाम शामिल हो चुका है.
फ़र्स्टपोस्ट की एक ख़बर के मुताबिक़ भारतीय पुरूष क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का एक विडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेज़ी से फ़ैल रहा है. इस विडियो में उन्होंने एक क्रिकेट प्रशंसक को भारत छोड़ देने की सलाह दे डाली. और इसकी वजह यह है कि इस प्रशंसक ने कहा था कि उसे भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के मुक़ाबले अंग्रेज़ और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का खेल बेहतर लगता है.
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विराट कोहली के इस विडियो में विराट कोहली इस क्रिकेट प्रशंसक की एक चिट्ठी पढ़ते नज़र आए हैं, जिसमें इस प्रशंसक ने कहा, “वह एक ओवरेटेड बल्लेबाज हैं. उनकी बल्लेबाजी में कुछ भी खास नहीं लगता है. मुझे इन भारतीयों की तुलना में अंग्रेज़ और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खेलते देखने में अधिक आनंद मिलता है.”
इसका जवाब देते हुए कोहली ने विडियो में कहा, “मुझे नहीं लगता है कि आपको भारत में रहना चाहिए. जाओ कहीं और रहो. आप हमारे देश में क्यों रहते हैं और दूसरे देशों से प्यार करते हैं?” उन्होंने आगे कहा, ‘आप मुझे पसंद मत करिए… कोई बात नहीं. मुझे नहीं लगता कि आपको हमारे देश में रहना चाहिए और दूसरों की तरह सोचना चाहिए. आप अपनी प्राथमिकताओं को तय करें.”
अब यह बात तो काफी चर्चित है कि ख़ुद कोहली ने कई सालों पहले कहा था कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर नहीं बल्कि दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स हैं. इस विडियो के वायरल होने के बाद कोहली की इस टिप्पणी पर ट्विटर जगत में लोगों की काफी प्रतिक्रियाएं आईं.