दिग्विजय सिंह का दावा: भोपाल में निर्वाचन कर्मचारियों की सांठगांठ से मतदाता सूची में जोड़े गए 33,790 फ़र्जी वोटरों के नाम
दिग्विजय सिंह ने बताया, “विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में 36 लाख फर्जी मतदाताओं के नाम सामने आए थे. लेकिन इसके बावजूद भी बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में फर्जी वोटरों के नाम जोड़े जा रहे हैं.”
भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बीते शनिवार को दावा किया कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों की सांठगांठ से भोपाल संसदीय क्षेत्र में 33,790 फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं.
दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया, “विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में 36 लाख फर्जी मतदाताओं के नाम सामने आए थे. लेकिन इसके बावजूद भी बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में फर्जी वोटरों के नाम जोड़े जा रहे हैं.”
स्वदेश अख़बार के मुताबिक उन्होंने कहा, “यह काम बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों की मिलीभगत से किया गया है.”
पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह के साथ दो अधिवक्ता विकास जैन और विनित गोधा भी मौजूद थे.
विनित गोधा ने कहा, “मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति का नाम कई जगह शामिल है. यदि किसी घर में 10 से ज्यादा मतदाता हैं तो उसकी फिजिकल जांच होनी चाहिए.” उन्होंने कहा कि गोविंदपूरा, नरेला और बेरसिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां सामने आई है.