क्या सच में अमिताभ बच्चन ने पीएम मोदी की तारीफ़ में कविता पढ़ी? जानें सच
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
“वाह! अमिताभ बच्चन (@SrBachchan Amithabh) ने मोदी की तारीफ़ के लिए खुलकर अपनी आवाज दी. उन्होंने गुजरात का प्रचार तब से किया है जब मोदी इसके सीएम थे, लेकिन मुझे लगता है कि यह पहली बार है, जब उन्होंने खुद मोदी की बड़ाई की है” -यह दावा, एक वीडियो के साथ सोशल मीडिया में वायरल है. वीडियो में, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की आवाज़ में कविता के ऑडियो के साथ-साथ पीएम मोदी की एक के बाद एक तस्वीरें दिखाई देती हैं.
वीडियो को शेयर करने वालों में, भाजपा सांसद और झारखंड में पार्टी के कोषाध्यक्ष, महेश पोद्दार थे (अर्काइव्ड).
कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स और पेजों ने यह वीडियो शेयर करते हुए दावा किया है कि बच्चन ने पीएम मोदी के समर्थन में अपनी आवाज दी. बच्चन द्वारा पढ़ी गई हिंदी कविता इन शब्दों से शुरू होती है — “मुट्ठी में कुछ सपने लेकर, भरकर जेबों में आशाएं ..दिल में है अरमान यही, कुछ कर जाएँ, कुछ कर जाएँ… – (अनुवाद)”
हमने पाया कि इस वीडियो को कन्नड़ और नेपाली कैप्शन के साथ भी शेयर किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह व्हाट्सएप पर भी प्रसारित हो रहा है।

कौन बनेगा करोड़पति के शो में सुनाई गई कविता
ऑल्ट न्यूज़ ने गूगल पर कविता के कुछ शब्दों के साथ खोज की तो पाया कि यह बॉलीवुड अभिनेता द्वारा 2018 में कौन बनेगा करोड़पति सीज़न 10 के शुरुआती एपिसोड के दौरान सुनाई गई थी. नीचे दिए गए वीडियो में उसी कविता को सुनाते हुए बच्चन को देखा जा सकता है. इसे SonyLIV द्वारा 3 सितंबर, 2018 को अपलोड किया गया था.
https://www.youtube.com/watch?v=kGmDshKa3B8
अमिताभ ने दो साल पहले यह कविता रिकॉर्ड करवाते हुए खुद की एक तस्वीर भी शेयर की थी.
https://www.instagram.com/p/BmysuRJBw7L/?utm_source=ig_embed
इसके अलावा, मीडिया में हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली जिसमें बताया गया हो कि बच्चन ने प्रधानमंत्री के समर्थन में उक्त कविता का पाठ किया। इस प्रकार, सोशल मीडिया के दावे निराधार हैं.