आम चुनावः दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू
राजधानी में 1.43 करोड़ मतदाता हैं जिसमें से 78,73,022 पुरुष और 64,42,762 महिलाएं एवं 669 तृतीय लिंगी (थर्ड जेंडर) शामिल हैं.
देश में हो रहे आम चुनाव के छठे चरण में राष्ट्रीय राजधानी की सभी सातों सीटों पर रविवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया.
दिल्ली की इन सीटों से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर अहम चेहरे हैं. राजधानी में 1.43 करोड़ मतदाता हैं जिसमें से 78,73,022 पुरुष और 64,42,762 महिलाएं एवं 669 तृतीय लिंगी (थर्ड जेंडर) शामिल हैं.
दिल्ली में 18-19 साल के 2,54,723 मतदाता हैं. 40,532 दिव्यांग मतदाता हैं जिन्हें घर से मतदान केंद्र लाने और फिर घर तक छोड़ने की सुविधा मिलेगी. ये मतदाता 164 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें 18 महिलाएं शामिल हैं. सात लोकसभा क्षेत्रों में 13,819 मतदान केंद्र बनाएं गए हैं. 70 में से हरेक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है. इसमें से 17 मतदान केंद्रों पर सिर्फ महिला कर्मचारियों को तैनात किया गया है.
523 मतदान स्थलों की पहचान संवेदनशील के तौर पर की गई है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस, होम गार्ड और अर्द्धसैनिक बलों के 60,000 कर्मियों को तैनात किया किया गया है.
दिल्ली की सात सीटों के अलावा, उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ तथा झारखंड की चार सीटों पर भी मतदान हो रहा है. मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक चलेगा.
दिल्ली में प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस से उत्तर पूर्वी दिल्ली से भूतपूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्वी दिल्ली से पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली, नई दिल्ली से पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन और दक्षिण दिल्ली से बॉक्सर विजेंद्र सिंह शामिल हैं तो भाजपा की ओर से प्रमुख उम्मीदवारों में चांदनी चौक से केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, पूर्वी दिल्ली से भूतपूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी शामिल हैं.
वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से अहम उम्मीदवारों में उत्तर पूर्वी दिल्ली से दिलीप पांडे और पूर्वी दिल्ली से आतिशी शामिल हैं. पिछली बार सभी सातों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी.
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि मतदाताओं के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं और मतदान सुचारू रूप से हो इसलिए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. सिंह ने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी. साल 2014 के चुनाव में 65.07 प्रतिशत मतदान हुआ था.