संत रविदास मंदिर तोड़े जाने पर हज़ारों दलितों का दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन, मंदिर के पुनर्निर्माण की रखी गई मांग
दिल्ली के तुग़लकाबाद इलाके से इसी महीने 10 तारीख को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने रविदास मंदिर तोड़ दिया था.
दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके से संत रविदास का मंदिर तोड़े जाने पर दलित समुदाय के हजारों लोग दिल्ली में प्रदर्शन करने को इकट्ठा हुए हैं. इनका कहना है कि सरकार दलितों की आस्था से जुड़े चिह्नों को ख़त्म कर रही है.
दिल्ली के तुग़लकाबाद इलाके से इसी महीने 10 तारीख को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने रविदास मंदिर तोड़ दिया था. मंदिर तोड़ने के बाद डीडीए ने कहा कि उसने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ये कदम उठाए हैं.
इस प्रदर्शन में भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर आज़ाद भी मौजूद थे. द न्यूज़क्लिक के मुताबिक चंद्रशेखर ने कहा, “हम रविदास मंदिर के पास जा रहे हैं और हमारा प्रदर्शन तब तक चलेगा जब तक रविदास मंदिर का पुनर्निर्माण नहीं हो जाता.”
दोपहर 3 बजे के करीब दलितों का समूह दिल्ली के कनॉट प्लेस होकर तुग़लकाबाद की ओर रवाना हुआ है.
बता दें कि इससे पहले बीते 13 अगस्त को पंजाब में भी दलितों को ऐसा ही एक प्रदर्शन करना पड़ा था.