May a good source be with you.

विधायक मंजिंदर सिरसा ने नेहरू की निंदा करने के लिए उनकी भांजी के साथ वाली फोटो शेयर की

Alt न्यूज़ की पड़ताल

एनडीए से संबद्ध शिरोमणि अकाली दल (SAD) के दिल्ली के विधायक मंजिंदर एस सिरसा ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पीछे से लिपटकर उनके गाल को चूमती एक महिला की तस्वीर को इस कैप्शन के साथ ट्वीटकिया – “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नायक”। नेहरू की इस तस्वीर के साथ उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की ई-पेपर क्लिप-जैसी तस्वीर पोस्ट की है और प्रशंसा में उन्हें “भारत का असली नायक” कहां है।

यह महिला नेहरू की भांजी नयनतारा सहगल है

सिरसा द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर 1955 की है, जब लंदन हवाई अड्डे पर नेहरू के पहुंचने पर उनकी भांजी नयनतारा सहगल उन्हें गाल पर चूम रही थी। उनके दाहिनी ओर सहगल की मां विजयलक्ष्मी पंडित हैं, जो उस समय ब्रिटेन में उच्चायुक्त थीं। ऑल्ट न्यूज़ ने पिछले साल भी इस तस्वीर को खारिज किया था जब भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने नेहरू को बदनाम करने के लिए तस्वीर शेयर की थी।

विंटेज टेलीविजन कंपनी ब्रिटिश पाथे (British Pathé) द्वारा अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए नेहरू के लंदन दौरे का वीडियो इस संदर्भ को स्पष्ट करता है। क्लिप के 27वें सेकेंड में फोटो वाला दृश्य देखा जा सकता है।

भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को सोशल मीडिया में अक्सर निशाना बनाया जाता है। झूठी कथाओं और नकली तस्वीरों की मदद से चरित्र हनन की कोशिश होती है।

नेहरू का अभिनय कर रहे अभिनेता की तस्वीर को पूर्व प्रधानमंत्री की वास्तविक तस्वीर के रूप में शेयर किया

हाल ही में कथित तौर पर जवाहरलाल नेहरू की एक और तस्वीर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है, जिसमें उन्हें एक महिला के साथ अंतरंग दिखलाने का प्रयास किया गया था। एक फेसबुक ग्रुप वी सपोर्ट पीएम मोदी से इस तस्वीर को इस कैप्शन के साथ प्रसारित किया गया था – “आजादी की लड़ाई लड़ते नेहरू चाचा।” इसे 600 से अधिक बार शेयर किया गया है।

यह तस्वीर एक नाटक ‘ड्रॉइंग द लाइन’ (Drawing the Line) का एक दृश्य है और इस तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति नेहरू नहीं, बल्कि रंगमंच अभिनेता सिलास कार्सन हैं और साथ में अभिनेत्री लुसी ब्लैक हैं, जिन्होंने एडविना माउंटबेटन की भूमिका निभाई थी। नाटक के बारे में विवरण लंदन के हैम्पस्टेड थिएटर के वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

देश के पहले प्रधानमंत्री सोशल मीडिया पर दक्षिणपंथी तंत्रों के पसंदीदा लक्ष्यों में से एक हैं। नेहरू की मृत्यु के दशकों बाद, उनकी तस्वीरों को न केवल झूठी कथाओं के साथ शेयर किया जाता है, बल्कि अक्सर एक अनैतिक व्यक्ति के रूप में उनकी छवि को दिखलाने के लिए तस्वीरों का फोटोशॉप भी किया जाता है।

ऐसे कई उदाहरणों के लिए ऑल्ट न्यूज़ के यहां दिए गए वीडियो को देखें जिनमें जवाहरलाल नेहरू को निशाना बनाने के लिए भ्रामक और फोटोशॉप की हुई तस्वीरों का उपयोग किया गया था।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+