दिल्ली: रविदास मंदिर तोड़े जाने का विरोध कर रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर सहित 80 लोग गिरफ़्तार
रविदास मंदिर तोड़े जाने और चंद्रशेखर की गिरफ़्तारी की प्रियंका गांधी ने कड़ी निंदी की है.
दिल्ली पुलिस ने तुगलकाबाद में रविदास मंदिर तोड़ने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भीम आर्मी सेना के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और उनके 80 समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया है. समर्थक तुगलकाबाद क्षेत्र के उस इलाके में घुसने का प्रयास कर रहे थे, जहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर डीडीए द्वारा मंदिर को तोड़ा गया था.
जानकारी के अनुसार तुगलकाबाद में बुधवार रात को पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प की घटना हुई. लोगों की पत्थरबाजी के कार्रवाई में पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठी चार्ज करने के साथ आंसू गैसे के गोले दागे. बाद में किसी प्रकार स्थिति को संभाल लिया गया.
बता दें कि यह मामला रविदास मंदिर बनाम डीडीए चल रहा था, जिसमें डीडीए की जीत हुई थी. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रविदास के मंदिर को तोड़ा गया, लेकिन इसके बाद पूरे राजधानी में बहुजन समाज के विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
रविदास मंदिर तोड़े जाने और चंद्रशेखर की गिरफ़्तारी की प्रियंका गांधी ने कड़ी निंदी की है. उन्होंने कहा कि दलितों की आवाज़ का अपमान बर्दाश्त से बाहर है और उनकी आवाज़ का आदर होना चाहिए.