May a good source be with you.

13 प्वाइंट रोस्टर के ख़िलाफ़ शिक्षक-छात्रों का साझा प्रदर्शन, कहा- संविधान को टुकड़ों में बांट रही है मोदी सरकार

राज्यसभा सांसद प्रो मनोज झा ने कहा कि पीएम मोदी और उनकी टीम वापस आई तो बाबा साहेब के संविधान का एक पन्ना भी नहीं बचेगा.

5 मार्च, मंगलवार का दिन. भारत बंद के मिले जुले असर के बीच शिक्षक-छात्रों का नारा दिल्ली की फिजाओं में जोश भर रहा था. हरियाणा से दिल्ली के जंतर मंतर आए गुरुदास बताते हैं कि हम चाहते हैं कि भाजपा दोबारा सता में न आए. यह सरकार हमसे आरक्षण छीन रही है. दलितों पर जुल्म ढा रही है. 13 प्वाइंट रोस्टर से निचली जाति के लोगों के अधिकारों का हनन हो रहा है. 200 प्वाइंट रोस्टर में आरक्षण का फायदा मिलता था.

यह गुरुदास की ही नहीं बल्कि जंतर मंतर पर जुटे हज़ारों युवाओं की आवाज़ थी- 13 प्वाइंट रोस्टर के जगह 200 प्वाइंट रोस्टर को लागू करो.

दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) के बैनर तले 13 पाइंट रोस्टर के ख़िलाफ़ मंडी हाउस से संसद मार्ग तक विरोध मार्च निकाला गया. जिसमें कई शिक्षक और राजनीतिक संगठनों ने भाग लिया. इस विरोध प्रदर्शन में मोदी सरकार को दलित विरोधी और शिक्षा विरोधी करार देते हुए कहा गया कि अबकी बार मोदी सरकार नहीं चलेगी.

विरोध मार्च में शामिल हुए लोगों का कहना था कि दलितों को यह आरक्षण सम्मान के साथ दिया गया था. सरकार ने संवैधानिक संस्थानों को मिट्टी में मिला दिया है. सरकार खुद को संविधान से ऊपर है ऐसी सरकार नहीं टीक सकती है. संविधान पर अघात पहुंचाया जा रहा है.

जंतर मंतर पर मौजूद राज्यसभा सदस्य अली अनवर अंसारी ने कहा कि “मोदी सरकार का जो चरित्र है वह उसी के अनुरूप काम कर रही है. मोदी सरकार एक-एक कर के दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग पर चोट कर रही है. इधर-उधर नहीं बल्कि रीड की हड्डी पर चोट कर रही है. जैसे इंसान की रीड की हड्डी चोटिल हो जाती है तो वह असहाय हो जाता है ठीक वैसे ही सरकार 13 प्वाइंट रोस्टर से रीड की हड्डी पर चोट कर रही है.”

उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ दलितों और शिक्षकों की लड़ाई नहीं है. बल्कि यह देश के लोकतंत्र की लड़ाई का हिस्सा है. मोदी सरकार आदिवासियों के ख़िलाफ़ है. आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है. सरकार धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का हथकंडा अपना रही है. शरहद पर तनाव है क्या, कोई नया चुनाव है क्या.”

दलित, आदिवासी लोग मर रहे हैं. मोदी सरकार जवानों की शहादत को चुनावी रंग चड़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि अभिनंदन का अर्थ बदल गया है. लेकिन हम भी जानते हैं कि अभिनंदन का अर्थ भारत है भाजपा या मोदी नहीं है.

वही मौजूद राज्यसभा सांसद प्रो मनोज झा ने कहा कि “अगर आप सड़कों पर नहीं उतरते तो बहुत कुछ खो देते. उन्होंने कहा कि मैं यकीन दिलाता हूं कि ये ऑडिनेन्स 24 घंटे के भीतर नहीं लाया गया तो सड़कों पर इतना कोहराम मचेगा जो यह बता देगा कि अगली बार संसद में कौन बैठेगा.”

रोहित वेमुला का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “रोहित वेमुला की कहानी भी वही है. रोहित ने अपने पहले और आखिर पत्र में एक बात कही थी कि मेरा जीवन एक घातक दुर्घटना है. इस बात को कभी मत भूलना. कि इस हुकुमत ने उसके सवालों पर गौर नहीं किया और उसकी जाति पता करने के लिए आयोग बैठा दिया था.”

मनोज झा ने आगे कहा कि “पुलवामा हमले में किसी ने बेटा खोया, किसी ने अपने पति, किसी बच्चे ने अपने पिता को खोया है. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी को आतंकियों के मौत के आंकड़ें पता है. लेकिन एयर फोर्स को आंकड़ें नहीं पता है. आपकी सुरक्षा के साथ सौदेबाजी हो रही है. सामाजिक न्याय के मुद्दों के लिए सबको साथ आना होगा. वरना मात्र कल्पना करने से रोम-रोम डर जाता है कि अगर पीएम मोदी और उनकी टीम वापस आई तो बाबा साहेब के संविधान का एक पन्ना भी नहीं बचेगा.”

उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पूरा संविधान बचाइए, रोस्टर की लड़ाई, आदिवासी हक के लिए लड़ाई लड़ते रहें.

प्रधानमंत्री मोदी के सफाईकर्मियों के पैर तो धोने को लेकर झा ने कहा कि मोदी जी सफाईकर्मियों के हितों के लिए कुछ नहीं करते हैं. उनके अधिकारों और हितों पर चोट कर रहे हैं. सरकार पुलवामा शहीदों के नाम पर राजनीति कर रही है. सरकार एयर स्ट्राइक के नाम पर जगह-जगह प्रचार कर रही है. लेकिन इस स्ट्राइक से कितने आतंकी मरे इसका प्रमाण कहां हैं.

सामाजिक कार्यकर्ता किसन पाल ने कहा कि बहुजन समाज के अधिकारों का हनन किया जा रहा है. 200 प्वाइंट रोस्टर में सभी वर्गों को वकेंसी मिलती थी. लेकिन 13 प्वाइंट रोस्टर की वजह से एससी समाज के लिए जगह ही नहीं बची है. अगर किसी विभाग में 4-5 वेकेंसी निकलती है तो उसमें एससी वर्ग के लिए जगह ही नहीं होगी. क्योंकि 13 प्वाइंट रोस्टर के हिसाब से एससी वर्ग 7वें स्थान पर आता है. जिसकी वजह से विश्वविद्यालय में हमारे समाज का कोई व्यक्ति उच्च पद पर नहीं पहुंच पाएगा.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का नजरिया बिल्कुल साफ है. सरकार टुकड़ों में संविधान को तोड़ रही है. अगर सरकार 200 प्वाइंट रोस्टर लागू नहीं करेगी तो हम दोबारा व्यापक रूप से भारत बंद का आह्वान करेंगे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+