May a good source be with you.

10वी कक्षा की छात्रा का हुआ देहरादून के आवासीय स्कूल में बलात्कार, स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की

बलात्कार के कथित चार आरोपी छात्रों समेत 9 लोगों को किया जा चूका है गिरफ़्तार

इस देश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे विभिन्न अपराधों की फेहरिस्त में हर रोज़ एक नया मामला जुड़ रहा है। हाल ही में रेवाड़ी में हुए 19 वर्षीय छात्रा के सामूहिक बलात्कार के बाद अब 10वी कक्षा की छात्रा का अपने ही स्कूल के अन्य छात्रों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। यह घटना देहरादून ज़िले में सहसपुर के एक आवासीय विद्यालय की है और पुलिस के अनुसार विद्यालय प्रबंधन ने पिछले 2 हफ़्तों से मामले को दबाये रखने की कोशिश की।

पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि अब तक बलात्कार के चार कथित आरोपी छात्रों के साथ ही विद्यालय के स्टाफ से निदेशक लता गुप्ता, प्रधान अध्यापक जीतेंद्र शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी दीपक मल्होत्रा, उसकी पत्नी तनु मल्होत्रा और एक नौकरानी मंजू को गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि पुलिस के मुताबिक यह घटना 14 अगस्त को घटी जिसके बाद मामला सोमवार को करीब एक महीने बाद सामने आया। पीड़िता ने सबसे पहले इस सम्बन्ध में अपनी बड़ी बहन से तब बात की जब उसे अपने गर्भवती होने की आशंका हुई। एडीजी ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ने, जो उसी विद्यालय में ही पढ़ती थी, इस बारे में विद्यालय के प्रबंधन को इस विषय में सूचित किया। लेकिन पुलिस को इस अपराध की सूचना देने के बजाय उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की।

स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबाने के लिए न सिर्फ दोनों लड़कियों को स्कूल से निकाल देने की धमकी दी बल्कि पीड़िता का गर्भपात करवाने की भी कोशिश की। लेकिन इसी बीच पीड़िता की बड़ी बहन ने अपने परिवार को इस पूरे घटना के बारे में बताया जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

गिरफ़्तार किये गए छात्रों की उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच है। पुलिस के मुताबिक़, 14 अगस्त को पीड़िता के साथ उसके दो सहपाठियों और दो सीनियर्स ने मिलकर सामूहिक बलात्कार किया।

पीटीआई इनपुट्स पर आधारित

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+