May a good source be with you.

भारतीय वायुसेना के लापता पायलट की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता, 21 विपक्षी दलों ने संयुक्त वक्तव्य जारी किया

विपक्षी दलों द्वारा जारी बयान में बीते सोमवार को जैश-ए-मोहम्मद के शिविरों पर भारतीय वायुसेना के हमलों की प्रशंसा करते हुए तीनों सेनाओं के साहस और बहादुरी की सराहना की है.

21 विपक्षी दलों ने मंगलवार को एक बैठक के बाद संयुक्त बयान जारी किया है, जिसमें “सुरक्षा स्थिति पर चिंता” और “आतंकवाद के खतरे को कुचलने में हमारे सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता” की बात कही गई है.

विपक्षी दलों द्वारा जारी बयान में बीते सोमवार को जैश-ए-मोहम्मद के शिविरों पर भारतीय वायुसेना के हमलों की प्रशंसा करते हुए तीनों सेनाओं के साहस और बहादुरी की सराहना की है. वहीं दूसरी ओर सत्तारूढ़ दल के नेताओं द्वारा हमारे सशस्त्र बलों की शहादत का राजनीतिकरण करने पर सभी नेताओं ने गंभीर चिंता व्यक्त की है.

बयान में कहा गया है कि पुलवामा हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक सर्वदलीय बैठक न बुलाने को लेकर खेद व्यक्त किया गया. क्योंकि यह प्रजातंत्र की स्थापित परिपाटी के विरुद्ध है.

संयुक्त बयान में कहा गया कि हमारे सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने और एक लड़ाकू विमान के नुकसान के बारे में विदेश मंत्रालय के बयान के बाद, नेताओं ने पाकिस्तानी दुस्साहसियों की निंदा की. और लापता पायलट की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. नेताओं ने सरकार से भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए उठाए जाने वाले हर कदम पर राष्ट्र को विश्वास में लेने का आग्रह किया.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+