अलवर: पुलिस की लापरवाही ने ली दलित महिला की जान, अपहरण की रिपोर्ट लिखाने के 4 दिन बाद शव बरामद
महिला के पति ने 6 मई को अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करायी थी.
राजस्थान के अलवर ज़िले के खरेली में पिछले 4 दिनों से लापता दलित महिला का शव पास में स्थित एक कुएं से बरामद हुआ है.
बीते बुधवार को मृतका के परिजनों ने पुलिस अधिक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी. दर्ज की गयी शिकायत के अनुसार, मृतका के पति ने बताया कि उसकी पत्नी पांच मई की रात अपने पड़ोसी के लड़के की शादी में शामिल होने गई थी. लेकिन, अगले दिन 6 मई की सुबह तक वह अपने घर वापस नहीं आई.
इसके बाद परिजनों ने पूछताछ शुरू की. शादी वाले घर में पूछताछ करने पर जानकारी मिली की मृतका को रात्रि तक शादी समारोह में बज रहे डीजे में देखा गया था. इसके बाद महिला कहां गयी इसकी ख़बर किसी को नहीं थी.
महिला के पति ने 6 मई को अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करायी. साथ ही रिपोर्ट में गांव के ही तोताराम गुर्जर, सियाराम गुर्जर, दयाराम गुर्जर, राजराम गुर्जर व करतार के ख़िलाफ़ नामजद मामला दर्ज कराया है.
पत्रिका की ख़बर के मुताबिक, लक्ष्मणगढ़ के वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश मीना ने बताया कि एफआईआर में कुछ लोगों के ख़िलाफ़ अपहरण का मामला दर्ज कराया गया है. जबकि, इससे पहले भी दलिग वर्ग के लोगों ने नामजद आरोपियों के ख़िलाफ़ अनुसूचित जाति का मामला दर्ज कराया था.
इस मामले में पुलिस ने जांच की और आरोपियों को जुर्माना देना पड़ा था. तभी से दोनों वर्गों के बीच आपसी रंजिश चल रही थी.
हालांकि, इस मामले में स्पष्ट रूप से पुलिस की उदासिनता नज़र आ रही है. क्योंकि अपहरण होने के दिन ही रिपोर्ट लिखाने के बावजूद भी पुलिस महिला को तलाश करने में कामयाब नहीं हो पायी. रिपोर्ट लिखाने के 4 दिन बाद महिला का शव बरामद हुआ है.
अब, प्रशासन दलित महिला का शव मिलने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दे रही है.