बिहारः कन्हैया कुमार के समर्थक और CPI कार्यकर्ता फागो तांती की पीट-पीटकर हत्या
कन्हैया ने कहा- दोषियों को सज़ा दिलाए बिना हम चैन से नहीं बैठेंगे.
बिहार में नीतीश कुमार के राज में अपराध और अपराधी दिन-ब-दिन बेलगाम होते जा रहे हैं. ताज़ा मामला बेगूसराय का सामने आया है, जहां मटिहानी थाना क्षेत्र में कुछ बदमाशों ने सीपीआई और कन्हैया कुमार के समर्थक फागो तांती का अपहरण कर पीट-पीटकर मार डाला है. कन्हैया कुमार ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की बात कही है.
दरअसल, मटिहानी के रामदीरी पंचायत दो महाजी टोला वार्ड-9 में बीते शुक्रवार को सीपीआई समर्थक बुजुर्ग फागो तांती की बेरहमी से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई. हत्या की ख़बर मिलते ही गांव और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.
लाइव हिंदुस्तान की ख़बर के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि फागों तांती के हाथ की नस कटी हुई थी. शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी पाए गए.
मृतक के भाई रामचंद्र तांती ने बताया कि रात में उन्हें जानकारी मिली थी कि मंदिर के पास शव पड़ा है. इस घटना को लेकर सीपीआई कार्यकर्ता काफी आक्रोशित हैं.
सीपीआई नेता और पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने कहा, “गुरुवार की शाम बदमाशों ने फागों तांती का अपहरण कर लिया था. जिसकी सूचना पुलिस को भी दी गई.” उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पुलिस सक्रिय होती तो इस घटना को रोका जा सकता था.
वहीं सीपीआई नेता अनिल कुमार अनजान ने कहा, “फागों तांती हमेशा दबे-कुचले लोगों के हक में आवाज बुलंद करते थे. उन्होंने आगे बढ़कर कन्हैया कुमार के चुनाव प्रचार के लिए काम किया. इसी से बौखलाकर सामंती मानसिकता वाले दबंगों ने उनकी हत्या कर दी.”
थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने कहा इस मामले में जांच की जा रही है.
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कन्हैया कुमार ने ट्विटर पर लिखा है, “बेगूसराय में सीपीआई के नेता कॉमरेड फागो तांती की निर्मम हत्या की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूं. उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाए. दोषियों को सज़ा दिलाए बिना हम चैन से नहीं बैठेंगे.”
बेगूसराय में सीपीआई के नेता कॉमरेड फागो तांती की निर्मम हत्या की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूँ। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। दोषियों को सज़ा दिलाए बिना हम चैन से नहीं बैठेंगे।
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) May 17, 2019