महिलाओं के ख़िलाफ़ जंग लड़ रही है भाजपा और आरएसएस: भाकपा
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी. राजा ने केरल सरकार को गिराने संबंधी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान की भी आलोचना की
भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने सबरीमाला मु्द्दे पर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि ये दोनों महिलाओं और मातृत्व के खिलाफ ‘जंग’ छेड़ रहे हैं.
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी. राजा ने इस मुद्दे पर पिनराई विजयन नीत एलडीएफ सरकार को गिराने संबंधी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान की भी आलोचना की.
राजा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा और अन्य भगवा संगठनों ने केरल सरकार पर ‘हिंदुओं के ख़िलाफ़ जंग छेड़ने’ का आरोप लगाया है, जबकि असल में संघ परिवार के संगठन अयप्पा भक्तों के भेष में महिलाओं पर निशाना साध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने मंदिर में सभी आयु वर्ग की महिलाओं के प्रवेश के पक्ष में फैसला सुनाया था और यह केरल सरकार का फैसला नहीं है।
राजा ने आरोप लगाया, ‘भाजपा, आरएसएस और विहिप, भक्तों के नाम पर हिंसा फैला रहे हैं। भाजपा और संघ ने महिलाओं और मातृत्व के खिलाफ जंग छेड़ रखी है.’
शाह ने हाल ही में कहा था कि अगर अयप्पा भक्तों पर हमला किया गया तो भाजपा कार्यकर्ता सरकार गिराने से भी नहीं हिचकेंगे. इस पर राजा ने कहा कि क्या भाजपा के पास राज्य विधानसभा में ऐसा करने की ताकत है?
केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार पर निशाना साधते हुए राजा ने कहा कि देश में संसदीय लोकतंत्र और अन्य संस्थानों पर हमले हो रहे हैं और सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को सरकार के ख़िलाफ़ हाथ मिलाना चाहिए.