बलात्कार और धमकाने के आरोप में फंसे मोदी सरकार के रेल राज्य मंत्री, कोर्ट ने भेजा समन
रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन पर 24 साल की एक विवाहित महिला ने बलात्कार और धमकाने का आरोप लगाया है.
मोदी सरकार में रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन कथित बलात्कार के आरोप में बुरी तरह फंस गए हैं. कोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ समन जारी किया है. असम के नौगांव जिले की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बलात्कार और धमकाने के आरोप के कारण उन्हें तलब किया है.
असम के नौगांव जिले की एक 24 वर्षीय महिला ने इस साल अगस्त महीने में राजेन के ऊपर बलात्कार और धमकाने का आरोप लगाया था. उनके ऊपर भारतीय दंड संहिता की धारा 417 (धोखाधड़ी के लिए सज़ा), 376 (बलात्कार) और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया था.
इस बारे में रेल राज्यमंत्री ने पीटीआई से कहा कि मुझे भी अदालत के समन के बारे में जानकारी मिली है, लेकिन अभी मेरे पास यह समन नहीं पहुंच सका है. उन्होंने इस आरोप को निराधार और राजनीतिक रंजिश से प्रेरित बताया.
एनडीटीवी के मुताबिक शिकायत करने वाली महिला और राजेन गोहेन एक दूसरे से पहले से परिचित थे और अक्सर एक-दूसरे के घर आते-जाते रहते थे.