‘हम निभाएंगे’: घोषणापत्र में कांग्रेस का वादा- एक साल के भीतर भरे जाएंगे 22 लाख पद, ग़रीबों को सालाना 72,000, मनरेगा में मिलेगा 100 की बजाय 150 दिनों का काम
राहुल गांधी ने कहा कि किसानों द्वारा कर्ज न चुका पाना अपराध के दायरे से बाहर होगा.
2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज (2 अप्रैल) को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इस घोषणा पत्र को पार्टी ने “जन आवाज़” का नाम दिया है, जिसकी टैगलाइन है- “हम निभाएंगे”. कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कुछ प्रमुख बातों को जगह दी है. जिसमें कुछ प्रमुख वादे शामिल हैं.
न्यायः ग़रीबी पर वार, 72 हजार
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि न्याय की आय के जरिए हम सभी ग़रीबों के खातों में पैसे डालेंगे. न्याय योजना के तहत देश के 20 फ़ीसदी ग़रीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए दिए जाएंगे. इसके लिए राहुल गांधी ने नारा दिया है- ग़रीबी पर वार, 72 हजार.
मनरेगा
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में मनरेगा के तहत मिलने वाले रोज़गार की अवधि 100 दिन से बढ़ाकर 150 दिन करने का वादा किया है. यानी कांग्रेस ने मनरेगा मजदूरों को 150 दिनों का रोज़गार गांरटी का वादा किया है. राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा ने साल 2009 में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी थी.
किसानों के लिए अलग बजट
किसानों की परेशानियों को देखते हुए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों से बड़ा वादा किया है. घोषणा पत्र के अनुसार कांग्रेस की सरकार में देश के किसानों के लिए अलग बजट आएगा ताकि किसान इस बात से अवगत रहे कि उनके लिए सरकार क्या कदम उठा रही है.
राहुल गांधी ने कहा कि किसानों द्वारा कर्ज न लौटा पाने की स्थिति में जो क्रिमिनल ऑफेंस माना जाता था, उसे खत्म किया जाएगा और कर्ज न चुका पाना अपराध के दायरे से बाहर होगा.
रोजगार: 22 लाख सरकारी नौकरी, 10 लाख युवाओं को रोज़गार
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में खाली पड़े 22 लाख सरकारी पदों को भरने का वादा किया है. राहुल गांधी ने कहा कि हम मोदी जी की तरह 2 करोड़ रोज़गार देने की बात नहीं करेंगे. हम 22 लाख खाली पड़े पदों को मार्च 2020 तक भरेंगे. राहुल गांधी ने 10 लाख युवाओं को ग्राम पंचायतों में रोज़गार देने का वादा किया है. साथ ही कहा है कि अपना व्यापार खोलने वाले युवाओं को 3 साल तक किसी भी प्रकार की अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी.