May a good source be with you.

“न्याय” योजना का मजाकर बनाकर PM मोदी ने उड़ाया ग़रीब और ग़रीबी का मजाक: कांग्रेस

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार नोटबंदी के समय ग़रीबों का मजाक बनाया था, अब न्याय योजना का मजाक बना रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी रैली के बाद गन्ना किसानों के साथ वादाख़िलाफ़ी और न्यूनतम आमदनी योजना का मजाक बनाए जाने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि न्याय योजना का मजाक बनाकर देश के ग़रीबों का मजाक बनाया है.

रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि 2017 में प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ के गन्ना किसानों से वादा किया था कि 15 दिनों के भीतर किसानों का बकाया पैसा लौटाया जाएगा, लेकिन मेरठ में जहां प्रधानमंत्री ड्रामा कर रहे थे वहां 1055 करोड़ रुपया बकाया है. मुजफ़्फ़रनगर में 781 करोड़ रुपए, बागपत में 876 करोड़, कैराना में 715 करोड़ तथा बिजनौर में 714 करोड़ रुपए बकाया है. इसके साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश में 10,076 रुपया गन्ना किसानों का बकाया है. कांग्रेस ने पूछा है कि उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार आने के बाद भी सरकार ने गन्ना किसानों को राहत क्यों नहीं दी.

रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि ग़रीब को आय और ग़रीब को न्याय को लेकर बनी “न्याय” योजना का प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ की रैली में मजाक बनाया है. रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एकबार नोटबंदी के समय जनता का मजाक बनाया था, और अब न्याय योजना का मजाक बना रहे हैं.

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि प्रधानमंत्री कांग्रेस को जितनी गाली देना चाहते हैं दें, लेकिन न्याय जैसी योजना का मजाक बनाकर देश के ग़रीबों का मजाक बनाना बंद करें.

कांग्रेस नेता ने कहा है कि सपा-राष्ट्रीय लोक दल और बसपा के गठबंधन को “शराब” की संज्ञा देकर प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र का मजाक बनाया है. प्रधानमंत्री को इसके लिए देश से माफ़ी मांगनी चाहिए.

रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री मोदी को फ्लॉप फ़िल्म के एक्टर और ड्रामा किंग बताया है. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को हर रोज राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के सपने आते हैं. मोदी जी अहंकार के नशे में चूर हैं.

चुनाव में गठबंधन को लेकर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि महाराष्ट्र, केरल, मध्यप्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में हमारा गठबंधन मजबूती से काम कर रहा है.

रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि हमारे गठबंधन के साथ-साथ भाजपा के सहयोगी दल भी चाहते हैं कि कांग्रेस सरकार में आए और ग़रीबों के लिए न्याय योजना लागू करे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+