May a good source be with you.

कांग्रेस का आरोप, राफेल सौदे से प्रधानमंत्री को सीधे लाभ हुआ

राफेल सौदे का 1,30,000 करोड़ रूपये का ठेका एक बड़े उद्योगपति को दिया गया जिसने अपनी कंपनी मात्र 12 दिन पहले ही खोली थी-कांग्रेस

 

 

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आज सीधे हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राजग सरकार की ओर से किए गए हस्ताक्षर से राफेल सौदे के ‘‘लाभ सीधे उनकी जेब में गए हैं।’’

कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी राफेल सौदे के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने में डरेगी नहीं। कांग्रेस ने आंदोलन की महीने भर की एक योजना बनायी है। इस दौरान पूरे देश में सभी जिलों और राज्य मुख्यालयों पर संवाददाता सम्मेलन और प्रदर्शन की योजना है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस राफेल सौदे, जिस पर हस्ताक्षर हुआ है, उसके लाभ सीधे प्रधानमंत्री की जेब में गए हैं। हम इसे पूरे देश के सामने उजागर करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसी कारण से प्रधानमंत्री राफेल सौदे पर एक बयान देने की बजाय उद्योगपतियों के साथ मीडिया और हमारे नेताओं को धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस नेता किसी से भी डरते नहीं हैं और मैं यह कह सकता हूं कि आपको भी किसी से डरना नहीं चाहिए।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि राफेल सौदे का 1,30,000 करोड़ रूपये का ठेका एक बड़े उद्योगपति को दिया गया जिसने अपनी कंपनी मात्र 12 दिन पहले ही खोली थी और उन पर बैंकों का 45,000 करोड़ रूपये बकाया है। कांग्रेस ने अपने आंदोलन के तहत देशभर में 25 अगस्त से छह सितम्बर तक राफेल सौदे पर श्रृंखलाबद्ध संवाददाता सम्मेलन करने की योजना बनायी है। पार्टी ने इसके साथ ही जिला एवं राज्य स्तरीय आंदोलनों की भी योजना बनायी है जो सात सितम्बर से शुरू होंगे। इस अभियान को सभी राज्य मुख्यालयों में 16 से 30 सितम्बर तक ले जाया जाएगा जहां पार्टी द्वारा राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार को ‘‘उजागर’’ करने के लिए धरना और प्रदर्शन आयोजित किये जाएंगे।अनिल अंबानी नीत रिलायंस समूह ने कांग्रेस के कई नेताओं को कानूनी नोटिस भेजकर उन्हें ऐसे आरोप लगाने से ‘‘परहेज’’ करने को कहा है।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+