छत्तीसगढ़: पुलिस महकमे में भारी फेरबदल, मुख्यधारा में लौटे मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपी कल्लूरी
मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर आरोपों से घिरे एस.आर.पी कल्लूरी को सरकार ने ईओडब्ल्यू एवं एसीबी रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
छत्तीसगढ़ में सरकार बनने पर कांग्रेस ने सरकारी महकमे में भारी फेरबदल किया है. प्रदेश में पुलिस अधिकारियों का भी व्यापक स्तर पर ट्रांसफर किया गया है. गुरुवार देर रात राज्य सरकार ने नोटिस जारी कर कहा कि आईजी रैंक के 6 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं.
इसमें सबसे हैरानी की बात है कि मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों से घिरे पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) एस.आर.पी कल्लूरी को सरकार ने मुख्यधारा में ला दिया है. कल्लूरी को ईओडब्ल्यू एवं एसीबी रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कल्लूरी पर मानवाधिकार उल्लंघन और आदिवासियों के साथ ज्यादती के गंभीर आरोप लगते रहे हैं. प्रदेश में लंबे समय से विपक्ष में रही कांग्रेस भी कल्लूरी के ख़िलाफ़ आक्रामक रही है, लेकिन फिर से कल्लूरी को मुख्यधारा में लाना प्रदेश की कांग्रेस सरकार के आदिवासी हितों पर सवाल खड़े करता है.
ईनाडु इंडिया के अनुसार इसके अलावा पुलिस अधिकारियों के फेरबदल में अरूण देव गौतम को गृह, जेल, परिवहन मंत्रालय का सचिव बनाया गया है. इससे पहले वे सीआईडी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात थे. डॉ. आनंद छाबड़ा को रायपुर रेंज का प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.