नक्सलवाद और शराबबंदी जैसे मुद्दों को निपटाने के लिए कांग्रेस सरकार करेंगी कामः भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री ने शराब को एक सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि इससे छुटकारा पाने के लिए सरकार के साथ समाज को भी आगे आना होगा.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक नक्सलवाद को निपटाने के दिशा में काम करना शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीते 10 जनवरी को विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार लोगों को विश्वास में लेकर नक्सलवाद और शराबबंदी के मुद्दों का समाधान करेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बदला लेने पर नहीं बल्कि बदलाव लाने पर काम कर रही है, राज्य सरकार समाज के हर तबके के लोगों की जिंदगी में रंग भरने के लिए काम करेगी.
नवभारत टाइम्स के मुताबिक उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लोगों को विश्वास में लेकर नक्सलवाद की समस्या का समाधान करेगी और शराबबंदी लागू करेगी. नक्सल की समस्या को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेस सरकार प्रभावित गांव वालों के अलावा बुद्धिजीवियों और मीडिया के साथ भी चर्चा करेगी.
मुख्यमंत्री ने शराब को एक सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि इससे छुटकारा पाने के लिए सरकार के साथ समाज को भी आगे आना होगा. बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने के बाद राज्य में काफी सक्रियता के साथ जनकल्याण के कामों को पूरा किया जा रहा है.