चंडीगढ़: PM मोदी की रैली में ‘मोदी पकौड़े’ बेचते ग्रैजुएट युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
“हम मोदी की रैली में पकौड़े बेचना चाहते हैं, ताकि उन्हें पता चले कि शिक्षित युवाओं के लिए पकौड़े बेचना कितना अच्छा है.”
प्रधानमंत्री मोदी बीते मंगलवार (14 मई) को चंडीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी किरण खेर के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे. इसी दौरान कार्यक्रम के आयोजन की जगह पर कुछ बेरोज़गार युवा ग्रेजुएट की पोशक पहनकर इकट्ठा हुए और पकौड़े बेचने लगे. उन्होंने कहा कि यह मोदी जी के पकौड़े हैं.
एक महिला प्रदर्शनकारी ने पीटीआई से कहा, “हम यहां पकौड़ा योजना के तहत हमें नया रोज़गार देने के लिए मोदी जी का स्वागत करने आए हैं. हम मोदी की रैली में पकौड़े बेचना चाहते हैं, ताकि उन्हें पता चले कि शिक्षित युवाओं के लिए पकौड़े बेचना कितना अच्छा है.”
सावधान !! पकौड़े बेचना अब अपराध है।पकौड़े बेचने पर आपको जेल हो सकती है। ( चंडीगढ़ में विरोध का वीडियो )। pic.twitter.com/nm7rcNTchh
— Vinod Kapri (@vinodkapri) May 14, 2019
हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने पकौड़े बेच रहे युवाओं को कार्यक्रम शुरू होने से पहले वहां से हटा दिया.
सेक्टर 34 के स्टेशन हाउस ऑफिसर बलदेव कुमार ने कहा, “हमने 10 से 12 छात्रों को हिरासत में लिया. हालांकि, रैली खत्म होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.”
दरअसल बीते साल जनवरी में एक इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी ने रोज़गार के सवाल पर कहा कि अगर पकौड़ा बेचने वाला व्यक्ति दिन में 200 रुपए कमाता है तो क्या इस रोज़गार माना जाएगा या नहीं? इस बयान के बाद पढ़े-लिखे ग्रेजुएट युवाओं ने पकौड़े बेचकर पीएम मोदी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया.
बता दें कि किरण खेर चंडीगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार हैं. जहां 19 मई को आखिरी चरण में मतदान संपन्न होना है.
(पीटीआई इनपुट्स के साथ)