May a good source be with you.

चंडीगढ़ः पत्नी किरण खेर के लिए प्रचार करने पहुंचे थे चौकीदार अनुपम खेर, खाली कुर्सियां देखकर उल्टे पांव लौटे

अनुपम खेर कार्यक्रम आयोजन की जगह से कुछ दूर आए. उन्होंने गाड़ी के शीशे नीचे किए और आस-पास भीड़ व टेंट न देखकर वापस लौट गए.

अभिनेता अनुपम खेर को अपनी पत्नी और भाजपा प्रत्याशी किरण खेर के लिए चुनाव प्रचार किए बिना चंडीगढ़ से वापस होना पड़ा है. चुनावी सभा में लोगों की कम भीड़ को देखते हुए रद्द करना पड़ा.

दरअसल, चड़ीगढ़ के सेक्टर 28-सी के आवासीय क्षेत्र में सोमवार शाम 4 बजे एक चुनावी सभा का आयोजन किया गया था. दैनिक ट्रिब्यून की ख़बर के अनुसार कार्यक्रम के आयोजकों में शामिल मन्नू भसीन ने बताया कि उन्हें पार्टी कार्यालय से टेंट लगवाना था लेकिन समय पर टेंट नहीं मिला. वहीं पार्टी भीड़ जुटाने में असफल साबित हुई. जो कार्यक्रम रद्द होने का मुख्य कारण था.

भाजपा को ज़्यादा शर्मिंदगी का सामना तब करना पड़ा जब कार्यक्रम में शामिल होने आए अभिनेता अनुपम खेर सेक्टर-35 के बाज़ार से वापस लौट गए. अनुपम खेर कार्यक्रम आयोजन की जगह से कुछ दूर आए. उन्होंने गाड़ी के शीशे नीचे किए और आस-पास भीड़ व टेंट न देखकर वापस लौट गए.

पार्टी के मुताबिक़ इस जनसभा में तकरीबन 200 लोग होने वाले थे. लेकिन इतनी कम भीड़ को भी एकत्र करना पार्टी के लिए मुश्किल काम साबित हुआ. आयोजक प्रीति वर्मा ने कार्यक्रम खराब होने के लिए समय पर टेंट न मिलना बताया.

हालांकि खेर के अनुपस्थिति में समारोह शाम 6 बजे के बाद शुरू हुआ. पार्षद हीरा नेगी ने लगभग 50 लोगों की सभा को संबोधित किया.

बता दें कि चंडीगढ़ सीट से भाजपा के तरफ़ से किरण खेर चुनाव लड़ रही हैं. कार्यक्रम के अनुसार अब आगामी 13 मई को प्रधानमंत्री मोदी चंडीगढ़ में सांसद किरण खेर के लिए जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+