राकेश अस्थाना की पैरोकारी करने के लिए मुझसे मिलने आए थे सीवीसी-आलोक वर्मा
आलोक वर्मा ने सबमिशन में पूर्व जज ए.के पटनायक को बताया कि 1 घंटे तक सीवीसी ने उनसे बातचीत की थी.
सीबीआई निदेशक के पद से हटाए गए आलोक वर्मा ने अपने औपचारिक सबमिशन में पूर्व जज ए.के पटनायक को बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के के.वी चौधरी बीते 6 अक्टूबर को उनके घर पर स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना की पैरोकारी करने आए थे.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार इस मामले में बताते हुए आलोक वर्मा ने कहा कि के.वी चौधरी ने राकेश अस्थाना की एनुअल परफॉर्मेंस एप्रेजल की रिपोर्ट के बारे में बातचीत की थी. इस बारे में बातचीत करते हुए तकरीबन 1 घंटे से ज्यादा का समय लगा था.
ग़ौरतलब है कि 12 नवंबर को सीवीसी द्वारा सुप्रीम कोर्ट को सौंपी गई 53 पन्नों की रिपोर्ट में इस बैठक का ज़िक्र नहीं किया गया था. सीवीसी की इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली चयन समिति ने आलोक वर्मा को पद से हटाने का फ़ैसला किया था.
बीते शुक्रवार को पूर्व जज ए.के पटनायक (जिन्हें सीवीसी पर निगरानी रखने का काम दिया गया था) उन्होंने कहा था कि सीवीसी के निष्कर्षों से उनका कोई संबंध नहीं है.
पूर्व सीबीआई निदेशक वर्मा ने सबमिशन में बताया कि शायद यह स्पेशल डारेक्टर के बारे में विशेष कारणों की वजह से चीफ विजिलेंस कमिश्नर, एक सहयोगी के साथ पैरोकारी करने के लिए मेरे आधिकारिक निवास पर आए थे. वह 6 अक्टूबर, 2018 का दिन था सुबह के तकरीबन 11-11:30 का समय रहा होगा. 1 घंटे से ज्यादा समय तक चली बातचीत में आपने कहा कि मैं यहां खुद इसलिए आया हूं कि इस मुद्दे पर क्या हल निकाला जा सकता है.