मोदी सरकार का रवैय्या – ग़ैरों पे करम, अपनों पे सितम
देश में महंगे दामों पर बिकने वाले पेट्रोल-डीज़ल को विदेशों में सस्ते दामों पर निर्यात कर रही केंद्र सरकार
जिस पेट्रोल और डीज़ल को मोदी सरकार देश की जनता को 125 से 150 फीसदी टैक्स लगाकर बेचती है, उसी को विदेशों में 34 और 37 रुपए प्रति लीटर निर्यात कर रही है।
यह जानकारी पंजाब के रोहित सभरवाल की एक आरटीआई से सामने आई है जिसमे पता चला है कि मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटिड से 1 जनवरी 2018 से 20 जून 2018 के बीच पांच देशों – हांगकांग, मलेशिया, मॉरीशस, सिंगापुर और यूएई को 32 से 34 रुपए प्रति लीटर में रिफाइंड पेट्रोल और 34 से 36 रुपए में रिफाइंड डीज़ल बेचा गया है। जबकि इस दौरान भारत में पेट्रोल की कीमत 69.97 से 75.55 रुपए प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत 59.70 से 67.38 रुपए प्रति लीटर रही।
नई दुनिया की रिपोर्ट के मुताबिक इन पांच देशों के अलावा अमेरिका, इंग्लैंड, ईराक, इज़राइल, जॉर्डन, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका में भी भारत से ही रिफाइंड पेट्रोल-डीज़ल निर्यात किया जाता है।
भारत में टैक्स की दर इतनी ऊंची होने की वजह से अलग-अलग राज्यों में 70 से 80 रुपए लीटर के आस-पास पेट्रोल और डीज़ल बेचा जा रहा है। सरकार की ओर से पेट्रोल-डीज़ल को जीएसटी के दायरे से भी बाहर रखा जा रहा है, जिससे भविष्य में भी इसके दामों में कोई कमी होने की संभावना नही है।