सीबीआई विवाद: निदेशक आलोक वर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को ख़ारिज किया
पिछले दिनों सीबीआई के दो अधिकारियों के बीच विवाद सामने आने के बाद सरकार ने सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्थाना को लंबी छुट्टी पर भेज दिया है.
सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा ने अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को ख़ारिज किया है. उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी के साथ जांच कार्यों में हिस्सा लेते रहे हैं.
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के मुताबिक पिछले हफ्ते सीवीसी ने कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच करने वाले कुछ सीबीआई अधिकारियों की जांच के आदेश दिए थे. इसमें आलोक वर्मा के ख़िलाफ़ विशेष निदेशक राकेश अस्थाना द्वारा दायर भ्रष्टाचार के मामले से संबंधित शिकायत भी शामिल थी.
हाल ही में आलोक वर्मा और राकेश अस्थाना के बीच का विवाद सामने आया था. इसके बाद अस्थाना और अन्य लोगों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज़ की गई. इस मामले के सामने आने पर केंद्र सरकार ने दोनों अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया है. वर्मा ने सरकार के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
सीबीआई निदेशक ने कहा था कि केंद्र सरकार और केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा उठाया गया यह कदम पूरी तरह से गैरकानूनी है और सरकार के हस्तक्षेप से प्रमुख जांच संस्था की स्वतंत्रता और स्वायत्तता को नुकसान हो रहा है.