भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव समेत 9 लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप, नौकरी दिलाने के नाम की गई थी ठगी
पुलिस ने आरोपियों के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 406, धारा 420, 468, 471, 506 और धारा 120 बी के तहत मामला दर्ज किया है.
तेलंगाना भाजपा के महासचिव मुरलीधर राव के ख़िलाफ़ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 9 लोगों ने 2.17 करोड़ की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है. इसमें भाजपा नेता मुरलीधर राव भी शामिल हैं.
शिकायतकर्ता प्रवर रेड्डी के साथ धोखाधड़ी करने वालों में भाजपा महासचिव मुरलीधर राव के अलावा कृष्ण किशोर, ईश्वर रेड्डी, रामचंद्र रेड्डी, गजूला हुमंत राव, समा चंद्रशेखर रेड्डी, बाबा, श्रीकांत और जी श्रीनिवास का नाम शामिल है.
वन इंडिया की ख़बर के अनुसार 41 वर्षीय प्रवर रेड्डी ने सभी लोगों के ख़िलाफ़ बीते 25 मार्च को शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायत के अनुसार नवंबर 2015 को ईश्वर रेड्डी ने प्रवर रेड्डी से संपर्क कर सरकारी नौकरी दिलवाने का दावा किया था. ईश्वर रेड्डी ने प्रवर से कहा कि वह कृष्ण किशोर नामक व्यक्ति को जानते हैं जो भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव का बहुत करीबी है. वह चाहें तो किसी को भी सरकारी नौकरी के लिए नामांकित कर सकते हैं.
इसके बाद ईश्वर रेड्डी, कृष्ण किशोर और रामचंद्र रेड्डी के साथ प्रवर रेड्डी के पास गए. आरोपियों ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के हस्ताक्षर वाला ऑफर लेटर प्रवर रेड्डी के सामने रख दिया. जिसके बदले उन्होंने प्रवर से 2.17 करोड़ रुपए लिए और यकीन दिलाया कि वह उन्हें फार्मा एग्जिल का चेयरमैन बनवाएंगे.
पुलिस ने बताया कि जब प्रवर रेड्डी ईश्वर रेड्डी के पास गईं तो उन्होंने इस बारे में कुछ करने या उनसे मिलने से साफ इनकार कर दिया.
न्यूज़18 की ख़बर के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के ख़िलाफ़ धारा 406, धारा 420, 468, 471, 506 और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है. हालांकि मुरलीधर राव ने कहा कि उनके ख़िलाफ़ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और उनका इस मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है.