सीवोटर-IANS सर्वे: पिछले एक महीने में 12 अंक घट गई मोदी सरकार के काम से संतुष्ट लोगों की संख्या
एक महीने पहले 12 मार्च को 55.28 प्रतिशत लोग मोदी सरकार के काम को पसंद करते थे.
हाल ही में कराए गए एक सर्वे में पता चला है कि मोदी सरकार के काम को पसंद करने वालों में 12 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है. 12 मार्च से 12 अप्रैल के बीच यह सर्वे सीवोटर-आईएएनएस द्वारा कराया गया था.
पहले चरण के लोकसभा चुनाव के बाद 12 अप्रैल को पाया गया कि मोदी सरकार के काम से संतुष्ट लोगों की संख्या 43.25 प्रतिशत पर आ गई है. एक महीने पहले 12 मार्च को 55.28 प्रतिशत लोग मोदी सरकार के काम को पसंद करते थे.
पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक के बाद मोदी सरकार को पसंद करने वाले लोगों के आंकड़े में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी. 7 मार्च तक कराए गए सर्वे में पाया गया कि 62.06 प्रतिशत लोग मोदी सरकार के काम से खुश थे. 22 मार्च तक यह आंकड़ा घटकर 50 प्रतिशत पर आ गया था.
7 मार्च को सर्वे में हिस्सा लेने वाले करीब 51.32 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे मोदी सरकार के काम से “अति संतुष्ट” हैं. इसके बाद से ये आंकड़े घटते गए.
1 जनवरी को मोदी सरकार के काम से 32.4 प्रतिशत लोग खुश थे. पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान में भारत की कार्रवाई के बाद यह आंकड़ा बढ़ा.
इस सर्वे में लोगों से मोदी सरकार के काम पर सवाल पूछे गए थे. इसमें विकल्प के तौर पर “अति संतुष्ट”, “कुछ हद तक संतुष्ट”, “संतुष्ट नहीं” और “पता नहीं/कुछ कह नहीं सकते” रखा गया था.