आरोपियों को बचा रही है योगी सरकार, बुलंदशहर हिंसा में मारे गए इंस्पेक्टर की पत्नी ने बयां किया दर्द
सुबोध की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया है कि मेरे पति का हत्यारा कैसे खुलेआम घूम रहा है
बुलंदशहर में भड़की हिंसा में मारे गए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की पत्नी ने कहा है कि उनके पति की हत्या के सबूत मिटाए जा रहे हैं. वही सुबोध के बेटे अभिषेक ने आरोप लगाया कि वीएचपी और बजरंग दल के लोग योगेश राज को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
एनडीटीवी से बातचीत करते हुए रजनी ने कहा कि दु:ख होता है कि देश की रक्षा करने वालों का किसी को ख्याल नहीं है. मेरे पति की हत्या की गई और सरकार कहती है कि यह एक दुर्घटना थी. मुझे यह सुनकर बहुत दु:ख होता है. अगर ऐसी ही दुर्घटनाएं होती रही तो कोई मां अपने बेटे को पुलिस में नहीं भेजेगी.
उन्होंने कहा कि मैं योगी जी से पूछना चाहती हूं कि वह हत्यारा कैसे खुलेआम घूम रहा है. उन्होंने कहा कि योगेश राज पर राजनीतिक लोगों का हाथ है. सीबीआई से लेकर फोर्स सब मौजूद हैं फिर भी उसे नहीं पकड़ पाए. रजनी ने कहा कि यह सब होने बाद भी योगेश राज अपना विडियो वायरल कर रहा है. मेरे पति को न्याय नहीं मिल रहा. पुलिस कहां है. आज मेरे पति के साथ जो हुआ वह आपके साथ भी होगा.
सुबोध कुमार सिंह के बेटे अभिषेक का कहना है कि वीएचपी और बजरंग दल के लोग योगेश राज को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. वह नहीं पकड़ा गया तो यह इंसानियत की हार होगी. अभिषेक ने आगे कहा कि देश की रक्षा करने वालों की रक्षा नहीं होती. आरोपी इनकी नाक के नीचे सरेंडर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मेरा भाई आईपीएस बनेगा और मैं वकील बनूंगा. ये लोग मुझे मजबूर न करें. मैं अपने पिता की मौत की फाइल खुलवाकर जांच करूंगा. मुझे डर है कि मेरा देश खोखला न हो जाए.