EXCLUSIVE: BSF के पूर्व महानिदेशक ने साध्वी प्रज्ञा को घेरा, कहा- उनके बयान ने हेमंत करकरे के साथ-साथ पूरे देश के शहीदों का किया अपमान
आंध्र प्रदेश कैडर के आईपीएस (सेवानिवृत्त) अधिकारी एमएल कुमावत ने विशेष गृह सचिव के रूप में भी कार्य किया है. वह एंटी-नक्सल कमांडो फोर्स का भी हिस्सा रह चुके हैं.
सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिदेशक एम एल कुमावत ने दिवंगत हेमंत करकरे के बारे में भाजपा नेता साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयान की निंदा की है. उन्होंने कहा है कि साध्वी प्रज्ञा के बयान ने पूरे पुलिस महकमे और हेमंत करकरे की शहादत का अपमान किया है.
न्यूज़सेंट्रल24X7 को दिए गए बयान में एम एल कुमावत ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकियों की गोली से मारे गए वीर जवान हेमंत करकरे के बारे में साध्वी प्रज्ञा का बयान ना सिर्फ हेमंत करकरे बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले सभी शहीदों का अपमान करता है. उन्होंने आगे कहा कि इससे भारतीय पुलिस को गहरा आघात पुहंचा है और हम इस बयान की कड़ी निंदा करते हैं.
आंध्र प्रदेश कैडर के आईपीएस (सेवानिवृत्त) अधिकारी एमएल कुमावत ने विशेष गृह सचिव के रूप में भी कार्य किया है. वह एंटी-नक्सल कमांडो फोर्स का भी हिस्सा रह चुके हैं.
भारतीय जनता पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भोपाल से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया है.
ग़ौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने हेमंत करकरे पर विवादित बयान देते हुए कहा कि करकरे की मौत उनके श्राप की वजह से हुई है. भाजपा नेता ने उन्हें राष्ट्र-विरोधी भी करार दिया है.
बता दें कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में हेमंत करकरे की जान चली गई थी. इसके बाद उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया. हेमंत करकरे 2008 में मालेगांव में हुए बम ब्लास्ट की जांच कर रहे थे. इसी मामले को लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर जेल में बंद थी. हाल ही में उसे स्वास्थ्य कारणों के मद्देनजर जमानत मिली है.